Categories

September 15, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

बीसीसीएल के 7980 आवासों पर अवैध कब्जा, नोटिस के बाद भी नहीं कोई फायदा, जानें क्‍या है पूरा मामला

धनबाद। बीसीसीएल में अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए बने आवासों पर अवैध कब्जा का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। अवैध कब्जा का ताजा मामला बीसीसीएल मुख्यालय कार्यालय से महज तीस गज की दूरी पर सामने आया है। जहां कर्मचारियों के लिए बने आवास आवंटन में विवाद होने के बाद विभिन्न श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा ने कोयला नगर में अपना बैनर व बोर्ड टांग कर कब्जा कर लिया है, जिसके पहले किसी तरह की अनुमति बीसीसीएल प्रबंधन से नहीं ली गई।

आवास आवंटन को लेकर ऐसे खड़ा हुआ विवाद

बताया जाता है कि कोयला नगर के बी टू क्वाटर संख्या में उदय कुमार सिंह रहते थे, लेकिन उनके सेवानिवृत्त होने के बाद क्वाटर आवंटन को लेकर विवाद हो गया। योग्यता के आधार पर क्वाटर देने की मांग उठने लगी। इसी बीच प्रबंधन ने कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में योग्यता को नजरअंदाज कर आवंटन कर लिया। इसके बाद जनता मजदूर संघ ने पहले झंडा टांगा, उसके बाद इस आवास पर संयुक्त मोर्चा का बैनर लगा इसे अपना कार्यालय घोषित कर दिया। ऐसा नहीं है कि केवल इसी आवास पर अवैध कब्जा हुआ है। बीसीसीएल में आवास आवंटन के लिए कमेटी गठित है, जो आवास आंवटन का काम करती है।

कब्‍जे पर प्रबंधन नहीं कर रही ठोस कार्रवाइ

विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में अधिकारियों व कर्मचारियों को मिलाकर 7980 आवासों पर अवैध कब्जा है। इनमें सबसे अधिक आवास का कब्जा लोदना, पुटकी बलिहारी, सिजुआ, कुसुंडा गोविंदपुर एरिया में है। आवास कब्जा हटाने को लेकर प्रबंधन कोई ठोस कार्रवाई करते नहीं दिख रही है। प्रबंधन बार-बार नोटिस जारी करने तक अपनी भूमिका सीमित किए हुए है।

कार्मिक विभाग, कोल बोर्ड कालोनी व जगजीवन नगर पर नजर

धनबाद शहर के बीच में बीसीसीएल के कई आवास हैं। कार्मिक नगर, कोल बोर्ड कालोनी, जगजीवन नगर कोयला नगर क्षेत्र में आता है। इन स्थानों पर सबसे अधिक आवासों पर राजनीतिक दल, श्रम संगठन के प्रतिनिधि, पुलिस व प्रशासन के लोग रहते है।

एरिया आवास कब्जा

  • बरोरा 86
  • बस्ताकोला 127
  • चांच विक्टोरिया 161
  • ईस्टर्न झरिया 183
  • गोविंदपुर 904
  • कतरास 378
  • कुसुंडा 706
  • लोदना 2145
  • पुटकी बलिहारी 1979
  • सिजुआ 765
  • वेस्टर्न झरिया 476
  • बीसीसीएल मुख्यालय 70

कुल 7980

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *