बाबा को गुलाल अर्पित करने विश्वनाथ धाम पर उमड़ा हुजूम, ढोल-नगाड़ों के साथ थिरके भक्त, भीड़ बेकाबू
वाराणसी : रंगभरी एकादशी पर काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाबा विश्वनाथ और माता गौरा को गुलाल अर्पित करने पहुंची। बुधवार की सुबह से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला अनवरत जारी रहा। जैसे-जैसे दिन ढलना शुरू हुआ वैसे वैसे बाबा के भक्त धाम की ओर चल पड़े।
रंगभरी एकादशी पर काशी विश्वनाथ मंदिर में लाखों भक्तों ने बाबा विश्वनाथ और माता गौरा को गुलाल अर्पित किया। सुबह से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला अभी जारी है। गुलाल उड़ाते हुए भोले बाबा के गीतों पर थिरकते हुए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इस दौरान मंदिर परिसर में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुतियां भी दी गईं।

बाबा की बरात पहुंचने से पहले ही श्री काशी विश्वनाथ धाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए। बोल बम और हर हर महादेव के साथ अबीर गुलाल और फूलों की वर्षा करते हुए जब श्रद्धालु बाबा दरबार में पहुंचे तब पूरा परिसर शिवमय हो गया।

श्रद्धालु परिसर में बज रहे डमरू वादन पर खूब थिरके। विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा महादेव एवं मां गौरा की शोभायात्रा मंदिर परिसर में धूमधाम से निकाली गई। दोपहर बाद 3 बजे से पद्मश्री सोमा घोष सहित अन्य प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुतियां दी गयी।
