अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के वेदांश सतपथी ने वर्ल्ड टॉप 10 में जमाया कब्जा
चाईबासा : अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2023 की परीक्षा में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल की छठी कक्षा के छात्र वेदांश सतपथी ने क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 10वांँ स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है.

गौरतलब हो कि गत अक्टूबर 2023 में पहली से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए यह प्रतिष्ठित परीक्षा वर्गवार विद्यालय में आयोजित हुई थी. इसमें विद्यालय के कुल 462 विद्यार्थियों ने अपना भाग्य आजमाया था. राज्य स्तरीय परिणाम जनवरी 2024 में प्रकाशित हुआ जिसमें वेदांश को स्वर्ण पदक से नवाजा गया. द्वितीय चरण की ऑनलाइन परीक्षा तथा वीडियो कॉल के द्वारा साक्षात्कार के उपरांत वैश्विक सूची जारी की गई. इसमें वेदांश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दशम स्थान के लिए विशिष्ट उपलब्धि प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी तथा क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विशिष्ट योग्यता प्रशस्ति पत्र एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया.

प्राचार्या रेखा कुमारी ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताते हुए छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. हिंदी विभागाध्यक्ष एस.बी.सिंह ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थी को सम्मानित करते हुए इसे ऐतिहासिक करार दिया. प्राचार्या रेखा कुमारी व एस.बी.सिंह को भी हिंदी ओलिंपियाड फाउंडेशन,नई दिल्ली की ओर से सम्मानित किया गया. मौके पर वरिष्ठ शिक्षक उत्तम घोष, कला शिक्षक एस. सामंता तथा भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे.
