डीएवी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चाईबासा, 6 मई 2024:- स्थानीय सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में मतदाता जागरूकता दिवस मनाया गया। इसमें स्कूली बच्चों ने बढ़ – चढ़कर हिस्सा लिया । प्राचार्या रेखा कुमारी ने मतदान के महत्त्व को रेखांकित किया और कहा कि मतदान से हम सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं इसलिए सबको सोच- समझकर अपने मत का उपयोग करना चाहिए। सुश्री सुमित्रा कुमारी ने कार्यक्रम आयोजित करने में अहम् भूमिका अदा की और कहा कि मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सशक्त हथियार है। शिक्षक एस बी सिंह ने कहा कि आगामी 13 मई को सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में मतदान है ,इसमें शत- प्रतिशत मतदान करवाना सब की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर, अनुच्छेद लेखन ,कविता लेखन , रंगोली निर्माण, कविता पाठ इत्यादि कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रार्थना सभा के बाद वरीय कक्षा के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता विषयक शपथ ली तथा अपने अभिभावकों के अलावे अपने मोहल्ले में लोगों को मतदान हेतु जागरूक करने का संकल्प लिया। पहले मतदान फिर जलपान का आग्रह किया। इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन सुश्री सुमित्रा कुमारी, देवानंद तिवारी तथा विकास कुमार पांडे ने किया।
