जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा द्वारा 29 जुलाई से 3 अगस्त 2024 तक सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के लिए विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन

चाईबासा : न्याय पाना अब मुश्किल नहीं है, उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों का निष्पादन जिला स्तर पर ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तहत विशेष लोक अदालत में ही किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने मीडिया को विस्तार से पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय में लंबित मामले जो समझौता के आधार पर समाप्त किया जा सकता है उन मामलों को मध्यस्थता के आधार पर जिला में ही निस्तारण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के द्वारा स्थानीय व्यवहार न्यायालय परिसर में 29 जुलाई से 3 अगस्त 2024 तक सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के लिए विशेष लोक अदालत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आपसी सहमति तथा समझौते के आधार पर मामलों का निपटारा किया जाएगा। प्राधिकार सभी संबंधित पक्षकारों, अधिवक्ताओं तथा सरकारी गैर-सरकारी प्रतिष्ठानों को इस सुनहरे का लाभ उठाने की अपील करता है, उन्होनें बताया कि विशेष लोक अदालत में सशरीर या वर्चुअल रूप से शामिल होकर समझौते की प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
