Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

जमशेदपुर : बाढ़ जैसी संभावित आपदा से निपटने के लिए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त की अध्यक्षता में आहूत हुई बैठक

जमशेदपुर में स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के जलभराव वाले संभावित इलाकों में बाढ़ के संभावित खतरों से निपटने के सन्दर्भ में समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री अनन्य मित्तल ने चिन्हित पंचायत क्षेत्रों एवं नगर परिषद क्षेत्रों में इंसिडेंट कमांड सेंटर स्थापित करने, हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक करने सहित नियमित अंतराल पर साफ सफाई, जरूरी दवाईयों का वितरण, राशन, पेयजल हेतु टैंकर, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उन्होंने इमरजेंसी सेवा उपलब्ध कराने वाले विभागों को 24×7 अपने कर्मियों को अर्लट मोड मैं तैनाती करने एवं उनको आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं एवं सुविधाओं से संसाधनयुक्त करने का भी निर्देश दिया। बैठक में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने सिविल सोसाइटी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनडीआरएफ के साथ-साथ पुलिस-प्रशासनिक टीम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया । डूब प्रभावित क्षेत्रों मे नियमित साफ-सफाई ब्लीचिंग, डीडीटी पाऊडर का छिडकाव करते हुए संक्रामक बीमारियों के संभावित खतरों से बचाव के सारे प्रयास शुरू करने का निर्देश दिया।

आपदा की स्थिति में प्रभावित इलाकों में लोगों को त्वरित सूचना प्रेषण एवं अलर्ट जारी करने के लिए पारंपरिक माईकिंग अनाउंसमेंट सहित सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी प्रेषण की व्यवस्था करते के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया। यांत्रिकी विभागों को स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी का जलस्तर के सम्बंध में नियमित रूप से अपडेट करने सहित सरायकेला खरसावां अवस्थित चांडिल डैम व पड़ोसी राज्य उड़ीसा के मयूरभंज में अवस्थित डैम के अभियंताओं से बांधों से जल छोड़े जाने के सन्दर्भ में समन्वय स्थापित करने निर्देश दिया।

साथ ही स्वर्णरेखा बराज के कचरा की साफ-साफाई के लिए समुचित कदम उठाने का निर्देश दिया गया।बैठक में उप विकास आयुक्त श्री मनीष कुमार, एडीएम (एसओआर) श्री महेंद्र कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सलमान जफर खिजरी, एनडीआरएफ के प्रतिनिधि, नगर निकायों के पदाधिकारी, एसडीएम धालभूम, बीडीओ, सीओ जमशेदपुर सदर, स्वर्णरेखा बहु उद्देशीय परियोजना के अभियंता, सिविल डिफेंस के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *