झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहा “हर घर खटाखट” कार्यक्रम, युवा कांग्रेस की प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी अनुप्रिया सोय ने भरंडिया गांव में चलाया कार्यक्रम
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “हर घर खटाखट” कार्यक्रम के तहत, स्वर्गीय विजय सिंह सोय की पुत्री और युवा कांग्रेस की प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी अनुप्रिया सोय ने चक्रधरपुर विधानसभा के हुरगंदा पंचायत के भरंडिया गांव में यह कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान, ग्रामीणों को गठबंधन सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह सामने आया कि गांव की कई महिलाओं को “मैंया सम्मान योजना” का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि उन्होंने पंचायत भवन में फॉर्म भरकर पंचायत सेवक को सौंप दिए थे। इसके अतिरिक्त, कई वृद्ध महिलाएं अभी तक विधवा पेंशन और वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं से वंचित हैं। इसके अलावा, ग्रामीणों को “अबुआ आवास योजना” की सही जानकारी भी नहीं थी। बताया गया कि कुछ एजेंट जंगल क्षेत्र के गांवों में जाकर ग्रामीणों से पैसा लेते हैं और योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा देकर उन्हें गुमराह करते हैं। इस वजह से ग्रामीणों का अब किसी पर भरोसा नहीं है।इस कार्यक्रम के तहत इन सभी समस्याओं को उजागर किया गया।

अनुप्रिया सोय ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वह इन मुद्दों को लेकर प्रशासन से बात करेंगी और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का पूरा प्रयास करेंगी। कार्यक्रम के मौके पर ग्रामीण शांति गगराई, जनमोनी हेंब्रम, बुधराम हेंब्रम सहित कई लोग उपस्थित थे, जिन्होंने अपने विचार साझा किए और इस पहल की सराहना की। अनुप्रिया सोय ने अंत में कहा कि वह प्रशासन के समक्ष इन मुद्दों को जोर-शोर से उठाएंगी ताकि ग्रामीणों को उनके अधिकार और योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
