गम्हरिया के बंद पड़े कंपनियों से स्क्रैप चुराते नौ साथियों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर पेटू प्रमाणिक
गम्हरियाः सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहां एसपी को मिले गुप्त सूचना के आधार पर गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र में चोरी करते 9 चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. पुलिस की गिरफ्त में आए चोरों में शातिर चोर गणेश प्रामाणिक ऊर्फ पेटू प्रमाणिक, गुरु प्रमाणिक, दीपक ठाकुर उर्फ रिशु, विशाल कुमार, राजेश महापात्र उर्फ राजू बन्ना, विजय दास, मुकेश चक्रवर्ती, मोहम्मद सलमान खान और दिनेश सिंह शामिल है।

पुलिस ने उनके पास से एक बोलेरो जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 05CM-6396, एक पियागो जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH05CK-9230, करीब 50 किलो अलमुनियम का स्क्रैप, 25 किलो ताम्बे का तार, तार काटने वाला लोहे का कटर और जूट का रस्सा बरामद किया है. इसकी जानकारी मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने दी।

उन्होंने बताया कि लगातार औद्योगिक क्षेत्र में हो रहे चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है. टीम द्वारा लगातार तकनीकी एवं गुप्त सूचना पर इस तरह की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
