होल्डिंग सेंटर से भागा रोहिंग्या युवक झाड़ियों में छिपा मिला, वन विभाग के खोजी कुत्ते ने ढूंढ़ निकाला
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले स्थित राजगंज अस्थायी होल्डिंग सेंटर से सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हुआ म्यांमार निवासी रोहिंग्या नागरिक पुलिस और वन विभाग के संयुक्त तलाशी अभियान में पकड़ा गया। झाड़ियों में छिपकर भागने की फिराक में बैठे इस युवक को गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान के विशेष प्रशिक्षित स्निफर डॉग ने सूंघकर ढूंढ निकाला।
19 सितंबर को पकड़ाये थे 4 रोहिंग्या
प्राप्त विवरण के अनुसार, गत 19 सितंबर को न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने चार रोहिंग्या घुसपैठियों को हिरासत में लिया था। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जरिए इन सभी को राजगंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया था। प्रशासनिक निर्देशों के तहत चारों रोहिंग्या नागरिकों को राजगंज के फाटापुकुर स्थित होल्डिंग सेंटर में कड़े पहरे के बीच रखा गया था।
रविवार सुबह फरार हुआ मोहम्मद सलाम
रविवार तड़के म्यांमार का रहने वाला आरोपी रोहिंग्या युवक मोहम्मद सलाम चकमा देकर होल्डिंग सेंटर की दीवार फांदकर फरार हो गया। जैसे ही संतरी और अधिकारियों को उसके गायब होने का पता चला, पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। राजगंज पुलिस ने तत्काल प्रभाव से पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी और संभावित ठिकानों पर सघन जांच अभियान शुरू किया।

तलाशी के लिए BSF और वन विभाग के खोजी कुत्ते की भी मदद ली गयी
फरार विदेशी नागरिक को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस प्रशासन ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) तथा वन विभाग की विशेष खोजी टीम से संपर्क साधा। सुरक्षाबलों ने इलाके के चाय बागानों, जंगलों और राजमार्ग से सटे मार्गों पर घेराबंदी सख्त कर दी।
खोजी कुत्ते ने युवक का पता लगाया
तलाशी अभियान के दौरान गोरुमारा नेशनल पार्क से लाए गए प्रशिक्षित खोजी कुत्ते ‘ऑरलैंडो’ (Orlando) को युवक के छोड़े कपड़ों की गंध सुंघाई गई। ‘ऑरलैंडो’ पुलिस टीम को गाइड करते हुए सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हाथी मोड़ इलाके की ओर ले गया।
वहां सड़क किनारे घनी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ मोहम्मद सलाम पकड़ा गया। आशंका जताई जा रही है कि वह वहां से बस या अन्य वाहन में सवार होकर राज्य से बाहर भागने की योजना बना रहा था। पुलिस ने उसे पुनः हिरासत में लेकर होल्डिंग सेंटर पहुंचा दिया है।


