उपायुक्त ने किया ईवीएम वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण, पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
सरायकेला,
29 सितम्बर, 2026 मंगलवार(भाग्य सागर)
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सरायकेला खरसावां, नितिश कुमार सिंह ने आज सामुदायिक भवन, सरायकेला स्थित ईवीएम वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में ईवीएम, वीवीपैट, बीयू एवं सीयू के सुरक्षित रख-रखाव, वेयर हाउस भवन की स्थिति, सुरक्षा मानकों के अनुरूप उपलब्ध सुविधाओं, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वेयर हाउस में निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।

संबंधित पदाधिकारियों से ईवीएम/वीवीपैट के रख-रखाव एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा आवश्यक अभिलेखों के संधारण की नियमित रूप से समीक्षा करने को भी कहा गया।


