Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा का मंदिरों में स्वच्छता अभियान शुरू|

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बहरागोड़ा स्थित चित्रेश्वर शिव मंदिर में लगाया झाड़ू, कार्यकर्ताओं के संग की साफ-सफाई, लोगों से मंदिरों को यथासंभव स्वच्छ रखने की अपील की। अयोध्या धाम में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर में श्रीराम लला के विधिवत प्राण प्रतिष्ठा का समारोह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम से पहले एक हफ्ते तक देश के मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने का आह्वान किया था। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मंदिरो के वृहद साफ-सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है। सोमवार को भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने स्थानीय निवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के संग बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के बहु प्रसिद्ध चित्रेश्वर शिव मंदिर में अभियान के तहत मंदिर व आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस दौरान कुणाल षाड़ंगी ने मंदिर के गर्भ गृह से लेकर पूरे मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में झाड़ू लगाकर एवं कूड़ा एकत्रित कर साफ सफाई की। इस संबंध में पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि पांच सौ वर्षों के कठिन संघर्ष, बलिदान एवं तपस्या के बाद 22 जनवरी को अयोध्या के भव्य मंदिर में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इस ऐतिहासिक क्षण को लेकर भारत समेत पूरे विश्व में जो उल्लास का माहौल है वह ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 14 जनवरी से लेकर 22 जनवरी तक अपने आसपास के सभी मंदिरों की सफाई करने का आह्वान किया गया। जिसके तहत आज बहरागोड़ा प्रखंड के चित्रेश्वर शिव मंदिर के प्रांगण में सभी साथियों के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया है। कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि 22 जनवरी के दिन आध्यात्मिक मानचित्र में भारत पूरे विश्व पटल पर अपने आप को पुनर्स्थापित करने जा रहा है।

घर में जब भी कोई खुशी व मांगलिक कार्य होता है तो हमारा रोम रोम आह्लादित होता है, प्रफुल्लित होता है और इस समय ऐसा ही महसूस हो रहा है कि कोई हमारे घर में बहुत बड़ा समारोह है।उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपने आसपास के मंदिरों को यथासंभव साफ रखने एवं स्वच्छ रखने की अपील की है। इस दौरान सपन सेनापति, सोमू लेंका, हरदुलाल घोष, असीम सेनापति, अर्धेन्दु साहू, प्रियलाल लेंका, अमल लेंका, रविशंकर घोष, विजय लेंका, दिवाकर समेत बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *