मंगलवार को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देंगे 10 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह पोकरण में भारतीय सेनाओं के प्रदर्शन को देखेंगे। इसके अलावा अहमदाबाद से 10 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।साबरमती में प्रधानमंत्री गांधी आश्रम स्मारक के मास्टर प्लान का भी शुभारंभ करेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री राजस्थान के पोखरण में तीनों सेनाओं के लाइव फायर एवं युद्धाभ्यास के रूप में स्वदेशी रक्षा क्षमताओं के समन्वित प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे।

रेलवे के बुनियादी ढांचे और संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री अहमदाबाद में डीएफसी के संचालन नियंत्रण केंद्र का दौरा करेंगे और 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें समर्पित करेंगे।प्रधानमंत्री अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल, सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम, मैसूर-डॉ. एमजीआर सेंट्रल (चेन्नई), पटना-लखनऊ, न्यू जलपाईगुड़ी-पटना, पुरी-विशाखापत्तनम, लखनऊ-देहरादून, कलबुर्गी-सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु, रांची-वाराणसी, खजुराहो-दिल्ली (निजामुद्दीन) के बीच दस नई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
