टाटा स्टील यूआइएसएल पानी और बिजली की सप्लाइ का दायरा बढ़ायेगी, साफ सफाई के लिए भी अपनी व्यवस्था को दुरुस्त करेगी, एमडी ऋतुराज ने की घोषणा
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल ( पहले जुस्को) अपनी सेवाओं का विस्तार करेगी. इसके तहत कंपनी की ओर से वैसे सारे इलाके में पानी और बिजली का कनेक्शन देने जा रही है, जहां अब तक कनेक्शन नहीं है. यह जानकारी टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा ने दी.

श्री सिन्हा मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. एमडी ने बताया कि इसके तहत पानी का कनेक्शन जमशेदपुर पूर्वी के जेमको आजाद बस्ती, जेमको बस्ती, लक्ष्मीनगर, नामदा बस्ती, महानंद बस्ती, हरिजन बस्ती, केबुल टाउन में पानी का कनेक्शन दिया जायेगा. कुल 3266 पानी के कनेक्शन के लिए फार्म बांटे गये है, लेकिन उसके बदले सिर्फ 1595 फार्म भरकर आये है. 1301 कनेक्शन अब तक दिये जा चुके है. बचे हुए घरों में जैसे जैसे डिमांड आयेगी, वैसे वैसे पानी का कनेक्शन दिया जायेगा. इसी तरह जमशेदपुर पश्चिम क्षेत्र में सोनारी दोमुहानी एरिया, प्रतिमा नगर, शिवनगर, कपाली बस्ती, बलराम बस्ती, कान्हू बस्ती जोन, रामजनमनगर में कुल 2916 फार्म बांटे गये है. इसको भरकर 1320 लोगों ने दिये है. 965 लोगों को कनेक्शन दिये गये है, शेष को दे दिया जायेगा.

उन्होंने बताया कि कई इलाके में बिजली का भी कनेक्शन दिया जायेगा इसके लिए भी काम चल रहा है. कई इलाके में सरकारी बिजली है. हम चाहते है कि सरकारी बिजली में ही अपनी ओर से बिजली की सप्लाइ दे दी जाये, लेकिन जेबीवीएनएल इसको लेकर तैयार नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि जमशेदपुर के कई इलाकों में साफ सफाई का भी व्यवस्था किया जा रहा है. जहां तक पहुंच नहीं बढ़ी है, वहां तक हम लोग पहुंचने की कोशिश कर रहे है.
