कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जमशेदपुर से अजय कुमार, देखें सूची

कांग्रेस ने सोमवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. कांग्रेस की सूची में प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य अजय कुमार और कुछ अन्य मंत्रियों के नाम हैं. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के कुछ घंटों के बाद यह सूची जारी की गई. उरांव को उनकी मौजूदा लोहरदगा सीट से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है।

अजय कुमार को जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट
कांग्रेस ने भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अजय कुमार को जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। कुमार जमशेदपुर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं. राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी को उनके वर्तमान क्षेत्र जामताड़ा से फिर से मैदान में उतारा गया है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को जमशेदपुर पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है।

दीपिका पांडेय सिंह को महगामा से टिकट
कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को महगामा से एक फिर उम्मीदवार बनाया गया है। वह वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं. कांग्रेस ने सत्तारूढ़ गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध के बीच ये उम्मीदवार घोषित किए हैं. कांग्रेस ने सोमवार रात कहा कि मंगलवार को इसको लेकर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा।
