अतिक्रमण हटाओ अभियान: ट्रैक रेलिंग मशीन स्थापना को लेकर शर्मा बस्ती के 70 मकान जमींदोज, 800 मीटर तक चलेगा रेलवे बुलडोजर
आदित्यपुर : रेलवे ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे बसी शर्मा बस्ती में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के तहत चिन्हित 70 कच्चे और पक्के मकानों को बुलडोजर की मदद से तोड़ा गया। अतिक्रमण हटाने के लिए रेलवे प्रशासन ने पहले से नोटिस जारी किया था। अभियान के दौरान रेलवे ने आरपीएफ और बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों को तैनात किया था। कार्रवाई का नेतृत्व आदित्यपुर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर संजय कुमार गुप्ता ने किया।

उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन ने पहले ही अवैध कब्जाधारियों को नोटिस देकर जमीन खाली करने का आदेश दिया था। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से बस्ती के लोगों में मायूसी छा गई। अपने आशियाने टूटते देख कई परिवार भावुक हो गए। हालांकि, किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं मिली। यह अभियान दक्षिण पूर्व रेलवे मंडल के अंतर्गत आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से आरआईटी रेलवे पुल तक 800 मीटर की दूरी पर चलाया जा रहा है। रेलवे के अनुसार, इस जगह पर ट्रैक रेलिंग मशीन स्थापित की जानी है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान को तेजी से पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

इस कार्रवाई के बाद बस्ती के लोगों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। कई लोग सवाल कर रहे हैं कि वे अब कहां जाएंगे। प्रशासन से पुनर्वास की मांग भी उठ रही है, लेकिन इस पर कोई स्पष्ट योजना नहीं बनाई गई है। रेलवे के अतिक्रमण हटाओ अभियान से शर्मा बस्ती में रहने वाले परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने यह कदम रेलवे ट्रैक के विकास और सुरक्षा के लिए उठाया है, लेकिन प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
