भाजपा कार्यकर्ताओं का मिलन समारोह सह वनभोज संपन्न,पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन हुए शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना और पेंशन पर सरकार को घेरा, नेता प्रतिपक्ष के मुद्दे पर भी दिया बयान
गम्हरिया : सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित सापड़ा दोमुहानी में आदित्यपुर मंडल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं का मिलन समारोह सह वनभोज आयोजित किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक चंपई सोरेन भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वनभोज जैसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से मिलने और विचार-विमर्श करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार के बजट पर रहेगी और उसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना पर सवाल उठाते हुए चंपई सोरेन ने कहा कि महिलाओं को तीन-तीन महीने बाद योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बुजुर्गों की पेंशन योजना पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की तरह बुजुर्गों को भी पेंशन की राशि 2,500 रुपये प्रतिमाह कर देनी चाहिए। पूर्ण बहुमत की सरकार को इसमें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर चंपई सोरेन ने कहा कि विपक्ष में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है, इसलिए इस मुद्दे पर कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि समय आने दीजिए, नेता प्रतिपक्ष कौन होगा, यह भी स्पष्ट हो जाएगा। इस समारोह में भाजपा के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए जिनमें जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, सोनाराम बोदरा, बॉबी सिंह, रमेश हांसदा, दीपक मंडल, रीता मंडल, रीतिका मुखी, संजय सरदार, रंजीत प्रधान, चंचल गोस्वामी, ममता बेज, कृष्ण मुरारी झा समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल थे। इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और आने वाले चुनावों व पार्टी की आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।
