राजनगर: सनकी पति ने की पत्नी की हत्या; जांच में जुटी पुलिस
सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र के मुरमूडीह गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई. घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया।

क्या है घटना
बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 2 बजे मुरमूडीह माझी टोला में सीताराम मार्डी ने अपनी पत्नी फुलमनी मार्डी की हत्या कर दी. उसने लोहे के रॉड से अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जब वह सो रही थी. घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य अपने घर पर सो रहे थे. सुबह फुलमनी का शव खटिया पर पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

परिजनों ने बताई ये बातें
परिजनों ने बताया कि सीताराम मार्डी की दिमागी हालत ठीक नहीं है. मृतक फुलमनी मार्डी का मायके पश्चिम बंगाल के डेबरा थाना क्षेत्र में पड़ता है. घटना की सूचना मायके वालों को दे दी गई है. थाना प्रभारी चंचल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच चल रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
