BSSC परीक्षा में देरी से अभ्यर्थियों का हंगामा, पटना में CM आवास घेराव के लिए निकले छात्र
बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) परीक्षा का फॉर्म जमा करने के तीन साल बीत जाने के बाद भी परीक्षा न आयोजित होने से नाराज अभ्यर्थियों का प्रदर्शन पटना में तेज हो गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र सड़कों पर उतर आए और मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए आगे बढ़ने लगे। सुरक्षा बलों द्वारा जेपी गोलंबर के पास रोके जाने पर अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान (गेट नंबर 10) के पास फ्लाईओवर का मार्ग पकड़कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की।

फ्लाईओवर पर पुलिस ने लगाई बैरिकेडिंग और रस्सी से घेरा
छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने फ्लाईओवर पर सुरक्षा घेरा तैयार किया। बैरिकेडिंग और रस्सियों के माध्यम से रास्ता बंद कर दिया गया, जिसके बाद पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अभ्यर्थियों को नियंत्रित करने के लिए पटना एसएसपी स्वयं फ्लाईओवर पर मोर्चा संभालते दिखे।
नीचे डाकबंगला और आर ब्लॉक पर भी पुलिस तैनात
आंदोलन के मद्देनजर डाकबंगला चौराहा और आर ब्लॉक जैसे संवेदनशील इलाकों में व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया। दंगा रोधी उपकरणों, हेलमेट और ढाल से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात रहे, ताकि शहर की कानून-व्यवस्था बनी रहे।

गांधी मैदान से आगे बढ़ने की कोशिश में छात्र
आंदोलन की शुरुआत गांधी मैदान गेट नंबर 12 से हुई, जिसके बाद अभ्यर्थियों का हुजूम जेपी गोलंबर की तरफ बढ़ा। वहां प्रशासनिक रोक के बाद छात्रों ने विधानसभा तक अपनी मांग पहुंचाने के उद्देश्य से दूसरे रास्तों से आगे निकलने का प्रयास किया।
गर्दनीबाग के पास रेलवे ट्रैक तक पहुंचे छात्र
प्रशासनिक नाकेबंदी के बीच कुछ अभ्यर्थी गर्दनीबाग क्षेत्र के पास रेल पटरियों तक पहुंच गए। मुख्य मार्गों पर रोक के बावजूद अभ्यर्थी अलग-अलग समूहों में आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।

हाथों में तिरंगा लेकर कर रहे प्रदर्शन
प्रदर्शन में शामिल परीक्षार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे नजर आए। अभ्यर्थियों का कहना है कि फॉर्म भरने के वर्षों बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं की गई है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
अभ्यर्थियों ने कहा- आंदोलन आगे नहीं बढ़ने दिया तो यहीं रहेंगे
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे उसी स्थान पर धरना जारी रखेंगे। उन्होंने इसे एक शांतिपूर्ण व सांकेतिक प्रदर्शन बताया।
प्रदर्शन के दौरान दिखा अभ्यर्थियों में आक्रोश
लंबी प्रतीक्षा और मानसिक तनाव के कारण छात्रों में भारी गुस्सा देखा गया। एक अभ्यर्थी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि सालों के इंतजार के बाद भी सरकार कोई सुध नहीं ले रही है, जिससे युवाओं के समक्ष गंभीर जीवन संकट खड़ा हो गया है।
BSSC परीक्षा में देरी को लेकर नाराजगी
आंदोलन का मुख्य कारण बीएसएससी परीक्षा प्रक्रिया का तीन वर्षों से अटका होना है। फॉर्म भरने के बाद से अब तक परीक्षा की तिथि घोषित न होने से परेशान परीक्षार्थी अंततः पटना की सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए।
