सरायकेला केरामेश्वरम मंदिर जीर्णोद्धार एवं प्रतिष्ठा कार्यक्रम पूर्वनिकली भव्य कलश यात्रा
सरायकेला,17 नवंबर 2026, मंगलवार (भाग्य सागर)

सरायकेला नप क्षेत्र अंतर्गत कवि टोला स्थित प्राचीन रामेश्वरम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्व सनातन परंपरा और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आज भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्री जगन्नाथ घाट से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना पश्चात 108 कन्याओं एवं महिलाओं द्वारा शुभ कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया जो नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर पहुंची।

कलश यात्रा में गाजे-बाजे, धार्मिक जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं की काफी संख्या मे भागीदारी रही। मंदिर के मुख्य सेवायत अतनु कवि
अपने पूरे परिवार के साथ यजमान के रूप में सभी धार्मिक विधि-विधानों का निर्वहन करते हुए सिर पर पवित्र कलश धारण कर यात्रा में प्रमुखता से शामिल रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी भी कलश यात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन के सहभागी बने।

इस अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि कवि टोला रामेश्वरम मंदिर का जीर्णोद्धार केवल एक धार्मिक स्थल का नवीनीकरण नहीं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण प्रयास है। मंदिर हमारी सनातन संस्कृति के केंद्र हैं, जहां से नई पीढ़ी को संस्कार, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से इस धार्मिक आयोजन को देखते हुए मंदिर परिसर एवं कलश यात्रा के निर्धारित मार्ग पर विशेष साफ-सफाई कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

मंदिर के मुख्य सेवायत
अतनु कवि ने बताया कि मंदिर की प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आज एवं कल विभिन्न धार्मिक एवं वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कल मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य के भागी बनने की अपील की।
