आदित्यपुर में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, 4 महीने से पानी के लिए तरस रहे वार्ड 19 के लोग
आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 पान दुकान आवासीय कॉलोनी के लोग पिछले चार महीनों से पानी की किल्लत झेल रहे हैं। पाइपलाइन जलापूर्ति योजना के तहत पुराने पाइपलाइन की क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण घरों में पानी पहुंचना पूरी तरह से बाधित है। बताया जा रहा है कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के पास शर्मा बस्ती रेलवे लाइन के समीप राइजिंग पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे रोजाना लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।

हालांकि जलापूर्ति और रखरखाव का जिम्मा जिंदल एजेंसी के पास है, लेकिन एजेंसी की लापरवाही के चलते अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सोमवार को पान दुकान कॉलोनी के निवासियों ने नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। कॉलोनीवासियों ने शिकायत की कि जिंदल एजेंसी द्वारा जलापूर्ति अनियमित है, जिससे अधिकांश घरों को पानी नहीं मिल पा रहा है।

नगर प्रशासक रवि प्रकाश ने कॉलोनीवासियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद आश्वस्त किया कि 24 नवंबर से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू होगा, जिसे तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिंदल एजेंसी जलापूर्ति का टाइम टेबल तय करे और हर क्षेत्र में तय समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करे, हालांकि कॉलोनीवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन की ओर से दी गई समय सीमा के भीतर जलापूर्ति बहाल हो जाएगी। लेकिन फिलहाल, पानी की भारी कमी के कारण लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
