Categories

September 15, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

…..और मनोचिकित्सक को 11 लाख ईनाम : सुप्रीयो अपराधियों के गिरोह को खड़ा किया : बाबूलाल

रांची: झारखंड के CM हेमंत सोरेन के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से आहत झामुमो प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एवं सांसद निशिकांत दुबे पर मानहानि का केस करेगा। झामुमो के महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने मीडिया से कहा कि जो कोई मनोचिकित्सक बाबूलाल मरांडी की मानसिक स्थिति को ठीक करेगा तो उसे 11 लाख रुपये का इनाम दिया जायेगा। बाबूलाल मरांडी ने CM के खोजे जाने पर 11000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी। एक मानसिक रोगी ही इस तरह की हरकत कर सकता है। बीते कल ही स्पष्ट कर दिया गया था कि CM अपने निजी काम से दिल्ली गये थे और लौट भी आये हैं। CM के साथ एक क्रिमिनल की तरह बर्ताव हो रहा है।

वह आंदोलनकारी शिबू सोरेन के पुत्र हैं, हेमंत ना तो हिमंता हैं, ना अजीत पवार हैं ना नीतीश कुमार। सुप्रीयो ने कहा कि CM के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह नीचता की प्रकाष्ठा है। ऐसे लोगों को समाज से आइसोलेट करने के लिए 2024 उपयुक्त समय है। महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने भाजपा पर हमला बोलते हुये कहा कि राजनीतिक दुष्टों की टोली प्रपंच रच रही है। कोई कहता है लापता थे, क्या CM को भाजपा दफ्तर में बायोमैट्रिक देना होगा? एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कल्पना से राजनीति नहीं की जाती है।

अपराधियों के गिरोह को खड़ा किया हेमंत : बाबूलाल मरांडी
वहीं दिग्गज भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिस तरह से राज्य में स्थितियां बनी हुई हैं, उससे यही लगता है कि हेमंत सोरेन ने अपराधियों के गिरोह को खड़ा किया है। ये लोग खनिज लूट, बालू लूट और अब सरकारी नियुक्ति में भी हाथ डाले हुए है। जिस राज्य का मुख्यमंत्री पुलिस और ED की डर से दिल्ली से छिपकर रांची पहुंचे, वैसे मुख्यमंत्री से राज्य की जनता क्या उम्मीद कर सकती है। उन्होंने CM हेमंत सोरेन को चुनौती देते हुए कहा कि चाहे वह कितना भी किला बना लें, मगर भारतीय जनता पार्टी छोड़ेगी नहीं। आंदोलन करके जहां उन्हें जाना है वहां तक भेजने के बाद ही विश्राम करेगी। आखिर हेमंत सोरेन कब तक भागते रहेंगे, भागते भागते एक दिन इन्हें होटवार जाना पड़ेगा।

झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि JSSC द्वारा आयोजित की गई परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक होने पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का इल्जाम लगाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अगर राज्य में रहती तो इस तरह के काम करने वाले अध्यक्ष और आयोग के उपर में कांड दर्ज कर उन्हें होटवार जेल भेजा जाता। बाबूलाल मरांडी ने पूरी परीक्षा को रद्द कर CBI जांच कराने की मांग की है। बाबूलाल मरांडी ने यहां नियुक्ति को बेचने का इल्जाम लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *