Categories

September 16, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को LIVE शो में पत्थर मारा

*भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को LIVE शो में पत्थर मारा,जाति से जुड़ा गाना गाने से मना किया तो बवाल मचा, पुलिस ने लाठीचार्ज किया*

Up लखनऊ :-लॉलीपॉप लागेलू गाना गाने वाले मशहूर भोजपुरी सिंगर पवन सिंह के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार रात बवाल हो गया। भीड़ में से किसी ने पत्थर मारा जो पवन सिंह के गाल पर लगा और वे घायल हो गए। भगदड़-तोड़फोड़ में कुर्सियां टूट गईं। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा।बताया जा रहा है कि एक दर्शक ने पवन से कोई खास गाना गाने की फरमाइश की थी। यह गाना किसी जाति से जुड़ा हुआ था, ऐसे में पवन सिंह ने उसे गाने से मना कर दिया। इसके बाद ही उन्हें पत्थर मारा गया।

पूरी घटना नगरा थाना क्षेत्र के निकासी गांव की है। यहां शादी का एक रिसेप्शन था। इसमें पवन सिंह, शिल्पी राज और अंजना सिंह आए थे। पवन को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। इसके लिए आयोजकों ने प्रशासन से अनुमति ली थी। सुरक्षा के लिए कई थानों की फोर्स, PAC लगाई गई थी।

*पवन बोले- सामने आकर दिखाओ, छुपकर वार मत करो*

पत्थर लगने के बाद पवन भड़क गए। उन्होंने कहा, “ये कौन महानुभाव हैं जो भीड़ में छिपकर पत्थर मार रहे हैं। ये कौन दुश्मन है जिसने मुझे पत्थर से मारा है। इतनी भीड़ में सब चाहने वाले आए हैं ये कौन मेरा दुश्मन आया है। तुम्हारे अंदर अगर पावर है तो सामने आकर दिखाओ। छुपकर वार मत करो। किसी के एक पत्थर से पवन को कोई रोक नहीं पाएगा, आज तक कोई रोक नहीं पाया है।”पवन के स्टेज से यह बात कहने के बाद बवाल बढ़ गया। भीड़ ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दी। पथराव शुरू कर दिया। बैरिकेडिंग तोड़ दी। भगदड़ की स्थिति बन गई। ऐसे में पुलिस और PAC लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ा। कुछ घंटों बाद जब मामला शांत हुआ, तो गायिका शिल्पी राज ने स्टेज पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उन्होंने भीड़ को शांत कराया। हालांकि, पवन सिंह दोबारा स्टेज पर नहीं आए।

*पवन सिंह की पहली पत्नी ने की खुदकुशी,दूसरी से मांगा तलाक*

पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह ने 8 मार्च 2018 में मुंबई के फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। फिर उन्होंने बलिया की ज्योति सिंह से दूसरी शादी की। हालांकि, इस रिश्ते में भी खटास आ गई और 2021 में बिहार के आरा जिले के फैमिली कोर्ट ने तलाक की अर्जी दाखिल की। वहीं, उनकी पत्नी ने भी पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे.

*80 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके पवन सिंह*

पवन सिंह बिहार के आरा जिले के निवासी हैं। वह अभी तक 80 से ज्यादा भोजपुरी फिल्म और 200 से ज्यादा भोजपुरी म्यूजिक एलबम की शूटिंग कर चुके हैं। पवन सिंह का साल 2008 में रिलीज हुआ एल्बम “लॉलीपॉप लागेलू” काफी हिट हुआ। इस गाने ने पवन सिंह स्टार बना दिया था। बताया जाता है कि भोजपुरी फिल्म ”क्रेक फाइटर” के लिए पवन ने 1 करोड़ रुपए लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *