योगी मॉडल की राह पर सम्राट सरकार? बिहार में 37 दिन में 11 एनकाउंटर, जहानाबाद में आधी रात मुठभेड़
बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन लगातार जारी है। पिछले महज 5 दिनों के भीतर पुलिस मुठभेड़ में 6 बदमाशों को गोली लगी है। इसी क्रम में गुरुवार की देर रात जहानाबाद में कुख्यात बदमाश बिक्कू सिंह उर्फ रावण और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान राज्य में अब तक कुल 11 पुलिस एनकाउंटर हो चुके हैं।
ताजा मामला जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ समय पहले दीपक कुमार नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी बिक्कू सिंह को पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास एक नहर के किनारे ले गई थी।
इसी दौरान आरोपी बिक्कू सिंह ने उसी हथियार से पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली घोसी थाना प्रभारी की गाड़ी में जा लगी। इसके बाद आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोलियां चलानी पड़ीं, जिसमें बिक्कू सिंह के बाएं पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत घोसी पीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
‘गोली चलाओगे तो गोली खाओगे’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले ही अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि पुलिस को पूरी छूट दे दी गई है; अगर अपराधी गोली चलाएंगे, तो उन्हें गोली से ही जवाब मिलेगा। इस कड़े रुख के बाद से प्रदेश में कुख्यात अपराधियों की धरपकड़ तेज हो गई है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस अपराधियों पर जवाबी कार्रवाई कर रही है। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पिछले 37 दिनों में यह 11वां एनकाउंटर है, जबकि पिछले 5 दिनों में यह छठी मुठभेड़ है।
बिहार में कब-कब हुए 11 एनकाउंटर?
- 22 मई: जहानाबाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर अपराधी बिक्कू सिंह उर्फ रावण के पैर में गोली लगी।
- 21 मई: किशनगंज जिले में वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारी।
- 20 मई: समस्तीपुर जिले में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई।
- 19 मई: पटना में 27 लाख रुपये की डकैती को अंजाम देने वाले बदमाश का पुलिस ने एनकाउंटर किया।
- 18 मई: सीवान में लूट के मामले के एक आरोपी के पैर में पुलिस की गोली लगी।
- 18 मई: पटना में एक शिक्षक पर जानलेवा हमला करने वाले अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा।
- 13 मई: बिहटा इलाके में कुख्यात अपराधी विदेशी राय और पप्पू राय पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए (दोनों के पैरों में गोली लगी)।
- 3 मई: सीवान पुलिस ने भाजपा नेता के भांजे हर्ष की हत्या के मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
- 30 अप्रैल: हर्ष हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी छोटू यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया।
- 29 अप्रैल: भागलपुर नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अधिकारी की हत्या करने वाले आरोपी रामधनी यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया।
- 22 अप्रैल: पटना में एक आभूषण दुकान में हुई बड़ी लूट के आरोपी दिलीप कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल किया।

गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी ने दिया था बयान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान साफ लहजे में कहा था कि अगर कोई भी अपराधी कानून व्यवस्था या पुलिस को चुनौती देने की जुर्रत करता है, तो उसका जवाब देने में पुलिस को 48 घंटे से अधिक का समय नहीं लगना चाहिए। बिहार पुलिस को अत्याधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है।
