संयमित जीवनशैली से ही मानव जीवन, पर्यावरण, जीव जंतु, प्रकृति और संस्कृति का संरक्षण संभव : मनोज कुमार चौधरी
सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला के पूर्व उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी ने सांकेतिक तौर पर अपने आवास में पौधारोपण कर क्षेत्र वासियों को पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह यक्ष प्रश्न है कि क्या लोग सही मायने में जीव जंतु और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पृथ्वी दिवस या अर्थ डे मनाते हैं ?हम जैसे अधिकतर लोग केवल कुछ पौधे लगाकर मात्र औपचारिकताएं पूरी कर लेते हैं, जिसके कारण पूरे विश्व में पर्यावरण जीव जंतु को संरक्षित करने के प्रयास ज्यादा कारगर साबित नहीं हुए।

उन्होंने कहा प्रकृति और पर्यावरण से खिलवाड़ के कारण उत्पन्न हुए भयानक दुष्परिणाम कोरोना महामारी के रूप में हमने देखा। पर्यावरण प्रदूषण के लिए मुख्य रूप से पूंजीवादी विकास के मॉडल जिम्मेदार ठहराया येन केन प्रकारेण ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाने की अंधी हवस और होड़ में अंधाधुंध प्राकृतिक व खनिज संपदा का निर्दयतापूर्ण दोहन कर रहे थे, विकास के नाम पर जंगल और पहाड़ों को काटकर चारों तरफ कंक्रीटो की गगनचुंबी इमारत खड़ी की जा रही है।

मानवीय मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्वों, प्रकृति व संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की अनदेखी कर विकास की अवधारणा ने आज संपूर्ण भूमंडल एवं जीव जगत के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है।उन्होंने कहा हमें प्रकृति और ईश्वर का संदेश समझना पड़ेगा और आज के दिन मानव जीवन, पर्यावरण, जीव जंतु, प्रकृति और संस्कृति को बचाने के लिए अपनी पुरानी आदतों और कार्यशैली में आमूलचूल बदलाव लाते हुए संयमित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेना पड़ेगा।
