जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक में पर्यटन स्थलों के विकास तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा
सरायकेला-खरसावां, 06 नवंबर 2026,
शुक्रवार (भाग्य सागर)
सरायकेला-खरसावां
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज
उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आधारभूत संरचना एवं संचालित तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की क्रमवार समीक्षा की गई।

जिले के तीन अधिसूचित पर्यटन स्थलों शिव मंदिर, रामगढ़, करकेटा डैम, कुचाई तथा भीमखंडा के संबंध में चर्चा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित स्थलों की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, पर्यटकों एवं आम लोगों के आवागमन की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा विकास की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने इन स्थलों की उपयोगिता एवं पर्यटकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पूर्व से चिह्नित ग्रेड-ए, बी एवं सी श्रेणी के पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं तथा वहां संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित विकास कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्यटन स्थलों पर होटल एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा, मनोरंजन एवं आकर्षण को ध्यान में रखते हुए जहां विकास की संभावनाएं हैं, वहां एप्रोच रोड, बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, गज़ीबो, जिपलाइन, एडवेंचर झूले, बोटिंग सुविधा, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सेल्फी प्वाइंट, साइनेज एवं अन्य आवश्यक पर्यटक सुविधाओं के विकास हेतु प्रस्ताव तैयार करने एवं जिले में स्थित पर्यटन स्थलों का सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया, ताकि अधिक लोगों को जिले के पर्यटन स्थलों की जानकारी मिल सके।

सीतारामपुर डैम, पालना डैम एवं सतनाला डैम में बोटिंग की सुविधा विकसित करने के संबंध में चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी को बोटिंग संचालन की संभावनाओं का आकलन करते हुए आवश्यक प्रस्ताव एवं प्राक्कलन तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराने तथा इस दिशा में अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, भीमखंडा एवं श्मशान काली मंदिर, सरायकेला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला पर्यटन पदाधिकारी अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

