FIFA World Cup में सबसे ज्यादा गोल करने वाले 5 खिलाड़ी, टॉप पर है ये दिग्गज
FIFA World Cup History: फुटबॉल का महाकुंभ यानी फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब ज्यादा दूर नहीं है। अगले साल जून में होने वाले इस टूर्नामेंट का प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। अर्जेंटीना जहाँ अपने खिताब को बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी, वहीं कई अन्य टीमें विश्व चैंपियन बनने का सपना लेकर आएंगी। फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में कुछ खिलाड़ियों ने ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं जिन्हें तोड़ना नामुमकिन सा लगता है।
साल 1930 से अब तक फीफा वर्ल्ड कप के 22 सीजन हो चुके हैं, जिनमें कुल 2720 गोल दागे गए हैं। आइए जानते हैं उन टॉप-5 खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने इस बड़े मंच पर सबसे अधिक बार गेंद को जाल में पहुँचाया है।
1. मिरोस्लाव क्लोज – जर्मनी (16 गोल)
विश्व कप इतिहास में सबसे सफल स्कोरर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज हैं। उन्होंने कुल चार वर्ल्ड कप (2002, 2006, 2010 और 2014) में हिस्सा लिया और 24 मैचों में 16 गोल दागे। साल 2014 में ब्राजील के खिलाफ मशहूर 7-1 की जीत के दौरान उन्होंने ब्राजीलियाई दिग्गज रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़कर यह उपलब्धि हासिल की थी।
2. रोनाल्डो नाजारियो – ब्राजील (15 गोल)
ब्राजील के महान खिलाड़ी रोनाल्डो नाजारियो इस सूची में दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 1998, 2002 और 2006 के वर्ल्ड कप में कुल 19 मैच खेलकर 15 गोल किए। साल 2002 में ब्राजील को विश्व विजेता बनाने में उनकी भूमिका सबसे अहम थी, जहाँ उन्होंने 8 गोल दागकर ‘गोल्डन बूट’ जीता था।

3. गर्ड मुलर – पश्चिम जर्मनी (14 गोल)
‘द बॉम्बर’ के नाम से मशहूर जर्मनी के गर्ड मुलर ने महज दो वर्ल्ड कप (1970 और 1974) में अपनी धाक जमाई थी। उन्होंने सिर्फ 13 मुकाबलों में 14 गोल किए। उनका गोल करने का औसत 1.08 प्रति मैच था, जो उनकी घातक फिनिशिंग क्षमता को दर्शाता है। 1974 में पश्चिम जर्मनी की जीत में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा।
4. जस्ट फॉन्टेन – फ्रांस (13 गोल)
फ्रांस के जस्ट फॉन्टेन के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड है जो शायद ही कभी टूटे। उन्होंने केवल एक वर्ल्ड कप (1958) में हिस्सा लिया और मात्र 6 मैचों में 13 गोल दाग दिए। यह किसी भी खिलाड़ी द्वारा एक ही विश्व कप संस्करण में किए गए सबसे ज्यादा गोल का वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
5. लियोनेल मेसी – अर्जेंटीना (13 गोल)
दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेसी भी इस फेहरिस्त में शामिल हैं। मेसी ने अब तक 5 वर्ल्ड कप (2006-2022) के 26 मैचों में 13 गोल किए हैं। 2022 में अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताने वाले मेसी दो बार ‘गोल्डन बॉल’ जीतने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं। मेसी 2014 में भी अपनी टीम को फाइनल तक ले गए थे, लेकिन तब उन्हें उपविजेता से संतोष करना पड़ा था।
