Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

कोल्हान मजदूर यूनियन की सभा में गरजे पूर्व विधायक अरविंद सिंह, कहा : औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों में हो रहा ब्लैक मनी का निवेश, एनसीएलटी की नीलामी के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान

सरायकेला : मजदूरों की ताकत को जगाने आया हूं. आप खड़ा रहिए. अरविंद सिंह हमेशा आगे खड़े मिलेगें. जेएमटी कंपनी के शोषण के खिलाफ मजदूरों के अधिकार के लिए पहले भी आंदोलन को मुकाम तक पहुंचा चुके हैं. आगे भी जेएमटी की लड़ाई लड़ेंगे. सिर्फ आपका साथ चाहिए. उक्त बातें कोल्हान मजदूर यूनियन के संयोजक सह ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह ने कही. वे आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के एसिया भवन में कोल्हान मजदूर यूनियन की ओर से आयोजित सभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. इस सभी में भारी संख्या में क्षेत्र के विभिन्न कंपनियों के मजदूर जुटे. सभा को कई मजदूर नेताओं सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने संबोधित किया. इस सभा की अध्यक्षता टायो संघर्ष समिति के अध्यक्ष अजय राय ने की.

 

मजदूरों को संपूर्ण हक दिलान मकसद

सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के संयोजक सह पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह ने कहा कि मजदूरों को उनका सम्पूर्ण दिलाना ही यूनियन का मकसद है. औद्योगिक क्षेत्र की मौजूदा परिस्थिति का जिक्र करते हए उन्होंने कहा कि आज लोग खामोश हैं, या तो कंफ्यूज हैं या अज्ञानी बनकर बैठे हैं. स्थिति बद से बदतर होती जा रही है. आज कंपनी में 8 घंटे की ड्यूटी 12 घंटे कर दी गई है. साथ ही, एसिड्युक्त पानी बहाया जा रहा है. हवा में विषैले धुंए छोड़े जा रहे हैं. औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें नालियां क्षतिग्रस्त है. यहां तक कि उद्योगों में ब्लैक मनी का निवेश हो रहा है. हर जगह वेकैंसी है लेकिन लोगों को रखा नहीं जा रहा है, सभी जगह ठेके पर काम चल रहे हैं. हालत यह है कि बड़ी मछलियां छोटी को खा रही है. इसका बड़ा उदाहरण रामकृषणा फोर्जिंग के द्वारा जेएमटी कंपनी का अधिग्रहण करने के रूप में सामने है. 800 करोड़ की कंपनी 120 करोड़ में बिक जा रही है. लोग चुप हैं. हर कंपनी दलाल पाल रखे हैं, ऐसे दलालों को खदेड़ देंगे. अब समय आ गया है हमलोग एनसीएलटी के नीलामी के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट जाएंगे. हमें बड़ी लड़ाई लड़नी है. हम चाहते हैं जियाडा को पुनः आयडा वाला अधिकार मिले. यहां ट्रांसपोर्ट नगर बने. यहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है. आज जमशेदपुर को इंडस्ट्रियल टाउन घोषित कर दिया गया है, इसमें दो विधानसभा पूर्वी और पश्चिमी आएगी. मानगो नगर निगम का क्या होगा. वो तो अलग विधानसभा में है. हमारी मांग ग्रेटर जमशेदपुर की है. इसकी भी लड़ाई हमलोग लड़ेंगे.

इन्होंने भी किया सभा को संबोधित

सभा में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अम्बुज कुमार, सामाजिक नेता चंदन सिंह, किसान-मजदूर नेता सोखेन हेम्ब्रम, रामू मुर्मू, पूर्व मुखिया व कांग्रेस नेता होनी सिंह मुंडा, इंटक नेता बब्बन खान, बीएमएस के नेता केश्वर मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, भगवान सिंह, शैलेश पांडेय, रामाशंकर पांडेय, शशि भूषण ओझा, बीएमएस के नेता केश्वर मिश्रा, नीरज सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहें. अपने संबोधन में सभी वक्ताओं ने संगठित होकर मजदूर हित में काम करने का आह्वान किया.

विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से हुई चर्चा

इस दौरान असंगठित मजदूरों के साथ स्थायी मजदूरों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई. इसमें मुख्य रूप से न्यूनतम मजदूरी, ईएसआई, पीएफ की सुविधाएं नहीं मिलने पर चिंता जताई गई. सभा में सैंकड़ों की संख्या में शामिल मजदूर हाथों में प्रबंधन की शोषण के विरुद्ध लिखी गई नारों की तख्तियां लेकर पहुंचे थे. वक्ताओं ने यह भी कहा कि इतनी बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों का संगठन है भवन है लेकिन श्रमिक भवन नहीं है. इसकी वजह मजदूरों का शोषित होना है. सभा का संचालन बसंत कुमार और कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे ने किया. इस दौरान नये साल में नये तेवर के साथ मजदूरों के हित में आंदोलन को तेज करने का भी ऐलान किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *