झामुमो प्रत्याशी निरल पुरती के पक्ष में वोट मांगने के लिए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन पहुंची मझगांव, असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा को सुनाई खरी-खोटी
चाईबासा: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होना है। इसको लेकर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के स्टार प्रचारकों को बुलाने का दौर शुरू हो गया है। आज मझगांव विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी निरल पुरती के पक्ष में वोट मांगने के लिए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मझगांव पहुंची।

यहां चुनावी जनसभा में गरजते हुए कल्पना सोरेन ने केंद्र की भाजपा सरकार और झारखंड के भाजपा सह प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा को खरी-खोटी सुनाई। कहा कि उन्हें अगर आदिवासियों की इतनी चिंता होती तो वह अपने राज्य में रहकर आदिवासियों का हित करते, ना कि झारखंड में बैठकर छुट्टियां मनाते। इन लोगों ने झारखंड को पर्यटक स्थल बना दिया है।

पत्रकारों से बात करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड का विकास सिर्फ झारखंड मुक्ति मोर्चा ही कर सकती है। हेमंत सरकार ने अब तक 55 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभान्वित किया है। आज झारखंड मुक्ति मोर्चा से झारखंड की महिला, वृद्ध और दिव्यांग बहुत खुश है।
