Categories

September 16, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

मोदी-शाह को टक्कर दे रही हेमंत-कल्पना की जोड़ी, भाजपा और झामुमो के स्टार प्रचारकों ने झारखंड में झोंकी ताकत

भाजपा बांग्लादेशी घुसपैठिया और मोदी सरकार की उपलब्धियां तो झामुमो खतियान, सरना धर्म कोड और मंइयां सम्मान योजना से वोटरों को रिझाने में बहा रहा पसीना

गिरिडीह : झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार कार्य तेज हो गया है। झामुमो के नेतृत्व में आइएनडीआइ और भाजपा के नेतृत्व में एनडीए मैदान में उतर चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के देशभर के स्टार लीडर झारखंड में चुनावी माहौल बनाने में भिड़े हुए हैं। इन नेताओं में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री प्रमुख हैं। वहीं झामुमो के स्टार प्रचारकों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी विधायक पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन प्रमुख हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी आइएनडीआइए प्रत्याशियों के लिए झारखंड में पसीना बहा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह की स्टार जोड़ी का झारखंड में झामुमो के स्टार प्रचारक पति-पत्नी की जोड़ी कांटे की टक्कर दे रही है।

हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद झामुमो को स्टार प्रचारक के रूप में उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन मिल गई है। राजनीति में नई-नई उतरीं कल्पना दिग्गज नेताओं को मात दे रही हैं। झामुमो समेत आइएनडीआइए के सभी प्रत्याशी कल्पना की सभा की मांग अपने-अपने चुनाव क्षेत्र में कर रहे हैं। हेलीकाप्टर से जाकर वह लगातार चुनावी सभा को संबोधित कर रही हैं। उनकी सभाओं में जो भीड़ उमड़ रही है, उससे प्रत्याशी उत्साह में हैं। कल्पना अभी तक दो दर्जन से अधिक चुनावी सभा को संबोधित कर चुकी हैं। हेमंत और कल्पना अलग-अलग सभा कर अधिक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर रहे हैं।मोदी-शाह, योगी, हिमंता समेत भाजपा के सभी स्टार प्रचारक इस चुनाव में बांग्लादेशी घुसपैठिया को मुद्दा बनाकर जनता को भाजपा से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

दूसरी ओर हेमंत-कल्पना 1932 खतियान, सरना धर्म कोड, मंइयां सम्मान योजना को लेकर झारखंडी जनता को अपने पक्ष में गोलबंद करने में लगे हैं। जनता किसके साथ जाएगी, यह जानने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन, झारखंड में स्टार प्रचारकों के उतरने से चुनावी माहौल गरमाने लगा है। इधर गिरिडीह के झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि हेमंत सोरेन और कल्पना मुर्मू सोरेन भाजपा के स्टार प्रचारकों को काफी पीछे छोड़ चुके हैं। झारखंड की जनता पर हेमंत और कल्पना की सभा का काफी प्रभाव पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *