झारखंड अल्पसंख्यक आयोग की टीम का चाईबासा दौरा, सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
चाईबासा: झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की टीम राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रही है। इसका उद्देश्य यह है कि अल्पसंख्यकों की समस्याओं को जाना जा सके और उनके लिए बनाई गई योजनाओं और कार्यक्रमों का उन्हें कितना लाभ मिल पा रहा है इसकी जानकारी मिल सके।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान मंगलवार को चाईबासा पहुंचे। यहां परिसदन में उन्होंने जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के धार्मिक और भाषायी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने उनके समक्ष अपनी समस्याओं और मांगों को रखा। अध्यक्ष ने जिले के संबंधित विभागों के पदाधिकारी के साथ बैठक की। अल्पसंख्यकों के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

मीडिया से बात करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी जिलों में दौरा करके सारा डाटा एकत्र कर रहे हैं। राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह तथ्य सामने आएगा कि अल्पसंख्यकों को आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी मिल रही है या नहीं। जनसुनवाई में जो समस्याएं और शिकायतें सामने आई हैं, उनके समाधान के लिए भी पहल किया जाएगा।
