झारखंड प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी का किया स्वागत
झारखंड प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने सोमवार शाम को संघ के अध्यक्ष श्री मनोज राउत की अगुवाई में जिले के नये जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री टोनी प्रेमराज टोप्पो का स्वागत किया। ज्ञात हो कि जिला के जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभय कुमार शील के स्थानांतरण के बाद सरकार की ओर से पूर्व में देवघर जिले में जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत श्री टोनी प्रेमराज टोप्पो को पश्चिमी सिहंभूम जिले का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

उनके योगदान के बाद शिक्षकों में एक नई उमंग और आशा हॆ कि जो भी शिक्षकों की समस्या है उसे त्वरित निदान किया जाएगा। स्वागत के पश्चात संघ के अध्यक्ष श्री मनोज राउत के द्वारा बारी-बारी से जिले के शिक्षकों की सभी समस्याओं के बारे में जिला शिक्षा पदाधिकारी को अवगत कराया गया। सबसे पहले उत्क्रमित विद्यालयों में पिछले कई महीनो से आवंटन न होने के कारण वेतन भुगतान नहीं किया गया है उसे त्वरित भुगतान करने की मांग की गई। साथ ही जितने भी नए शिक्षक हैं पिछले 10 महीनों से बिना वेतन के कार्यरत हैं, जिनकी वित्तीय स्थिति काफी खराब हो चुकी है, उसे इस वित्तीय वर्ष में ही वेतन भुगतान करने की मांग रखी गई। संघ की ओर से कुछ शिक्षकों की सेवा संपुष्टी तथा कुछ-कुछ विद्यालयों में शिक्षकों का स्थानांतरण होने के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों को अविलंब भरने की मांग रखी गई।

संघ कि ओर से सभी विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से बढ़ाते हुए जिला को आगे ले जाने तथा खेल के क्षेत्र में जिला की बेहतर भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी से आग्रह किया गया। जवाब में नये जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री टोनी प्रेमराज टोप्पो के द्वारा सभी शिक्षकों को काफी अच्छे तरीके से आश्वासन ही नहीं बल्कि सभी को यह विश्वास दिलाया गया कि मेरा पहली प्राथमिकता जिले में पठन-पाठन व्यवस्था को एक नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। साथ ही सभी छात्रों और शिक्षकों की जो भी मूलभूत समस्या है, उसे त्वरित समाधान करने की बात कही गई। सबसे पहले अभी जो भी आवंटन है उसे तुरंत जिन-जिन विद्यालयों में कई दिनों से वेतन भुगतान नहीं हुई हॆ उसे पूरा करने का भरोसा दिया तथा जितने भी मांग रखे गए, इसे बहुत जल्द निदान करने का आश्वासन दिया।

सभी शिक्षकों ने इतनी सुंदर वार्ता के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी का दिल से आभार व्यक्त किया तथा आगे आने वाले दिनों में अपनी ओर से शिक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में अपनी 100% भागीदारी निभाने का वचन दिया। स्वागत में संघ के सचिव श्री मंजीत बानरा, उपसचिव रजी हेयात, संयोजक श्रीमती दीप्ति सिन्हा, तथा शिक्षक शिक्षिकाओं में विकास ठाकुर, प्रमोद सिन्हा, सरस्वती सामड सिदियु दोंगो, रश्मि प्रभा केसरी, मनीषा लागुरी, डोली टुडू, प्रत्यूष भास्कर, सोमनाथ बिरुवा, शालिनी देवगाम आदि मौजूद थे। यह जानकारी प्रेस के माध्यम से संघ के जिला प्रेस प्रवक्ता श्री मानोस कुमार गोराई ने दी।
