Categories

September 16, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

JMM के 53 वें स्थापना दिवस पर कल्पना होंगी पार्टी का नया चेहरा, जानिए शिबू सोरेन के ना आने की वजह

झारखंड विधानसभा चुनाव में मिले भारी बहुमत से उत्साहित झामुमो अपना 53वां स्थापना दिवस समारोह भव्य तरीके से मनाने की तैयारी कर रहा है। कार्यक्रम में इस बार पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन की कमी खलेगी, क्योंकि स्वास्थ्य कारणों के चलते उनके कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद कम जताई जा रही है।वहीं इस बार नए चेहरे के रूप में झामुमो के मंच पर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन दिखेंगी।

कल्पना पहली बार झामुमो के स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेने पहुंचेंगी। चार फरवरी को झामुमो का स्थापना दिवस समारोह मनाया जाएगा। कोरोना काल के बाद से ही पार्टी ने कार्यक्रम को रात की जगह दिन में ही शिफ्ट कर दिया है। कार्यक्रम गोल्फ ग्राउंड में दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएगा, जो शाम सात बजे तक समाप्त हो जाएगा। पहले रात आठ बजे से शुरू होकर देर रात तक कार्यक्रम चलता था।इसमें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सह सीएम हेमंत सोरेन समेत सभी मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है।

धनबाद झामुमो ने कार्यक्रम की तैयारी कर दी शुरू

पार्टी ने कार्यक्रम की सफलता को लेकर आयोजन समिति का भी गठन कर दिया है। जिला सचिव मन्नू आलम ने बताया कि 25 हजार से अधिक लोग जुटेंगे। चार फरवरी 1973 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में शिबू सोरेन, बिनोद बिहारी महतो और एके राय ने मिलकर झामुमो की स्थापना की थी। वैचारिक मतभेद की वजह से कुछ वर्षों बाद बिनोद बिहारी महतो और एके राय ने अपनी अलग राह बना ली।

हर साल झामुमो धनबाद में मनाता है स्थापना दिवस समारोह

स्थापना के बाद से हर साल झामुमो धनबाद में अपना स्थापना दिवस समारोह मनाता है। कभी बैलगाड़ी से यहां कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटता था समय के साथ कार्यकर्ता लग्जरी गाड़ियों से जुटने लगे हैं। झामुमो के कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र से अधिक लोग जुटते हैं, लेकिन इस बार महिलाओं को अधिक से अधिक जुटाने का लक्ष्य पार्टी के नेता कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *