सरायकेला के परिसदन सभागार में प्रदूषण से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निपटारा को लेकर बैठक

सरायकेला। जिला मुख्यालय सरायकेला के परिसदन, सभागार में झारखंड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के सभापति समीर कुमार महान्ती के अध्यक्षता में एवं समिति सदस्य समरी लाल के उपस्थिति मे प्रदूषण से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निपटारा को लेकर एक बैठक हुई।बैठक में उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार एवं तमाम विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे । बैठक की कार्रवाई प्रारंभ करते हुए समिति सभापति के द्वारा विभागों के माध्यम से संचालित कार्यों एवं योजनाओं का बिंदुवार समीक्षा किया गया।

इस दौरान समिति सदस्य के द्वारा पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के पास उपलब्ध सूची के अनुसार क्रियान्वित योजनाओं के प्रतिवेदन के आधार पर विभागीय पदाधिकारी से जानकारी लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। समिति सभापति एवं सदस्य के द्वारा जिला अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण हेतु संपादित की जा रही गतिविधियों सहित अलग-अलग विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रतिवेदन का भी अवलोकन किया गया। बैठक के दौरान सभापति समीर कुमार महान्ती नें कहा कि विभिन्न क्षेत्र मे माइनिंग, क्रसर तथा उद्योग आदि से खेती को नुकशान ना हो यह सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि किसानो के आय मे बढ़ोतरी के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है, सभी योग्य किसान ससमय सहायक उपकरण तथा बीज का वितरण हो यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे ग्रामीण क्षेत्र जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रुप से माइनिंग से प्रभावित है वहा सड़को की मरमती तथा सड़को पर नियमित रुप से पानी का छिड़काव हो यह सुनिश्चित करें।

