शीर्षक: पटना में आज भी जारी रहेगा छात्रों का आंदोलन, गांधी मैदान में धरने की तैयारी; देर रात पीयू छात्र संघ अध्यक्ष हिरासत में
नीट (NEET) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी पटना में विद्यार्थियों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को हुए भारी उपद्रव के बाद आज भी छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखेंगे। आंदोलनकारी छात्र संगठन ‘आइसा’ (AISA) के बैनर तले आज से गांधी मैदान में बेमियादी धरना देने की योजना बना रहे हैं। छात्रों के संभावित उग्र तेवरों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और हाई अलर्ट पर है।
देर रात 2 बजे हुई कार्रवाई
बुधवार को दिनभर चले हंगामे और झड़प के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया। देर रात करीब दो बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पटना विश्वविद्यालय (PU) छात्र संघ के अध्यक्ष सुशांत शेखर को अपनी हिरासत में ले लिया। राजधानी में हुए बवाल के असर को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए है।
बुधवार को क्या-क्या हुआ?
छात्रों का यह विरोध प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के त्यागपत्र और नीट पेपर लीक की जांच को लेकर आयोजित किया गया था। बुधवार सुबह गांधी मैदान से शुरू हुआ राजभवन मार्च देखते ही देखते हिंसक हो गया। जेपी गोलंबर के समीप पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों (बैरिकेड्स) को तोड़कर छात्र आगे बढ़ गए, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
इसके पश्चात डाकबंगला चौराहे पर उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का प्रयोग किया। जवाब में प्रदर्शनकारी और अधिक आक्रामक हो गए, जिससे पुलिस एवं छात्रों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई पत्थरबाजी में कई छात्र और दर्जनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
चोटिल अधिकारियों/पुलिसकर्मियों की लिस्ट
झड़प और पथराव की घटना में कई उच्च अधिकारियों सहित पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनकी सूची इस प्रकार है:
- आईजी जितेंद्र राणा: पैर में चोट
- टाउन डीएसपी-2 कामाख्या नारायण: नाक, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट
- अखिलेश मिश्रा (थानेदार, गांधी मैदान): सिर में गंभीर चोट (सिर फटा)
- सोनू कुमार (SHO, पत्रकार नगर): नाक पर चोट
- चंदन राज: दारोगा (कोतवाली)
- संजीव कुमार सिंह: एएसआई (कोतवाली)
- रितेश कुमार: एएसआई (कोतवाली)
- ओमप्रकाश चंद्रा: सिपाही (पुलिस लाइन)
- मुन्ना कुमार: सिपाही (पुलिस लाइन)
- सन्नी देवल कुमार गोंड: कोतवाली
- अरविंद कुमार निराला: एएसआई (कोतवाली)
- सूरज कुमार सिंह: कांस्टेबल (पुलिस लाइन)
- अभिषेक रंजन: पीएसआई (गांधी मैदान)
- पूजा कुमारी: कांस्टेबल (गांधी मैदान)
