आदित्यपुर के कुलुपटांगा में सरस्वती पूजा की धूम, चंद्रयान 3 को दिया गया पंडाल का रूप
आदित्यपुर के कुलुपटांगा में आदिवासी कल्याण समिति द्वारा वंसत पंचमी उत्सव और विद्यादामिनी माता सरस्वती की पूजा श्रद्वा व उल्लास के साथ की गई। यह पूजा यहां के लिए किसी पर्व से कम नही है। परम्परा के अनुसार रंग बिरंगी साडी पहन सड़क पर निकली बालिकाओं ने इस पूजा पर्व में सौंदर्य भी डाल दिया। भक्ति और श्रद्वा के साथ विद्या देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई।

इस वर्ष चंद्रयान 3 को पंडाल का रूप दिया गया है। इस पंडाल को समिति के सदस्यों ने ही काफी मेहनत से बनाया है।समिति के अध्यक्ष राजू सरदार के निर्देश में बने इस पंडाल को समिति के सदस्यों ने भव्य रूप दिया है। कोरोना काल से इस पूजा का आयोजन समिति के भवन में ही किया जा रहा था। इस वर्ष समिति ने भव्य रूप से पूजा का आयोजन करने की योजना बनाई और चंद्रयान 3 को पंडाल का रूप दिया गया। शाम को इसका भव्य रूप सभी को आकर्षित कर रहा है।
