बीच रोड पर मची चीख-पुकार, राष्ट्रपति व PM ने जताया दुख
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में बड़ा बस हादसा हो गया। बस में सवार 43 स्कूली बच्चों में 6 की जान चली गई, वहीं करीब 16 जख्मी है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। उस राह से गुजरते सैकड़ों लोग घायल बच्चों की मदद में जुट गये। जख्मी बच्चों को जल्दी-जल्दी अस्पताल पहुंचाया गया।

इस लोमहर्षक हादसे के बाद भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। वहीं, PM नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुये कहा कि बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है। यह हादसा तब हुआ जब बस ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया। बस एक पेड़ से टकराते हुये पलट गई। पुलिस ने बस ड्राइवर को अपनी कस्टडी में ले लिया है।
