बिष्टुपुर गोपाल मैदान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव का आयोजन
जमशेदपुर : जोहार ट्रस्ट एवं आदिवासी हो समाज महासभा पूर्वी सिंहभूम के तत्वाधान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव का आयोजन 7 से 9 मार्च 2025 को गोपाल मैदान बिष्टुपुर में किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस सांस्कृतिक महोत्सव में देश भर से विभिन्न आदिवासी समुदायों के कलाकार भाग लेंगे और पारंपरिक गीत, संगीत, नृत्य एवं खेलकूद के साथ-साथ रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं योगदान करने वाले व्यक्तियों को जोहार संस्था की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

तीन दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव में 200 स्टॉल लगेंगे जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन, परिधान, पुस्तक, आर्ट एवं क्राफ्ट, फर्नीचर, डेकोरेशन आइटम, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कार एवं बाइक, मोटरसाइकिल के स्टॉल भी शामिल होंगे।साथ ही, मानकी मुंडा, दिऊरी, माझी बाबा, समाज के पदाधिकारी गण एवं बुद्धिजीवियों का सम्मान समारोह भी किया जाएगा। विभिन्न राज्यों से 11 जनजातियों द्वारा पारंपरिक नृत्य, गर्ल्स डांस क्रु ‘यो हाईनेस’ का लाइव परफॉर्मेंस जोहार नाइट के मंच से रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

राष्ट्रीय मागे महोत्सव आयोजन का उद्देश्य है कि हो समुदाय की सांस्कृतिक विरासत एवं पहचान को संरक्षित कर ‘हो’ संस्कृति, परंपरा, दर्शन, नृत्य, कला, भाषा, वाह्यरंग चिती लिपी, साहित्य, गीत एवं संगीत के प्रति सांस्कृतिक गौरव एवं गरिमा की भावना को जागृत करना। इस मागे महोत्सव में विभिन्न आदिवासी समुदायों में सामाजिक एकता एवं मैत्री को बढ़ावा देना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पिंटू चाकिया अध्यक्ष, जोहार ट्रस्ट, रायमुल बानरा जिला अध्यक्ष, आदिवासी हो समाज महासभा, दुर्गा चरण बारी सचिव, जोहार ट्रस्ट, कृष्णा लोहार समाज सेवी, रोशन पूर्ति जिला अध्यक्ष, मानकी मुंडा संघ, सुरा बिरुली उपाध्यक्ष,आदिवासी हो समाज युवा महासभा, केंद्रीय समिति, अजंगक्या बिरुवा, लीसा गुइया, सरिता चाकिया, मंगल केराई, पुचु दिग्गी,पातोर दिग्गी, मंगल लुगुन उपस्थित थे।
