आज का मौसम: दिल्ली से बिहार तक 12 राज्यों में होगी झमाझम बारिश, धूलभरी आंधी का अलर्ट
जून महीने की शुरुआती बरसात के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहित लगभग 12 राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अगले 6 से 7 दिनों तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिसके कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (landslide) और अचानक बाढ़ आने का खतरा भी मंडरा रहा है।
कहां पहुंचा है मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी गति से आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र के कई हिस्सों को कवर कर चुका है। इसके साथ ही यह कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में मॉनसून छत्तीसगढ़ की सीमा में भी प्रवेश कर जाएगा। हालांकि, हाल ही में सक्रिय हुए एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है, यही वजह है कि इसने अभी तक उत्तर प्रदेश के मुख्य इलाकों में प्रवेश नहीं किया है।
कहां होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में 15 से 20 जून के दौरान अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा मैदानी इलाकों की बात करें तो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी व पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 जून से अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ सकती हैं। 15 जून को पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चलने की भी आशंका है। वहीं मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है।
पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत और हिमालय से सटे इलाकों में अगले एक सप्ताह तक मौसम काफी संवेदनशील रहेगा। सिक्किम, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और नागालैंड में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (Heavy Rain Alert) का अलर्ट है। दूसरी तरफ, महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा इलाकों में रहने वाले लोगों को अभी अगले 3 से 4 दिनों तक लू (Heatwave) का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारीपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। परिस्थितियां अनुकूल होने के कारण यह जल्द ही ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों को कवर कर लेगा। बिहार में विशेष रूप से 16 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 17 से 19 जून के बीच मूसलाधार बारिश की संभावना है। दक्षिण और पश्चिमी तटों पर केरल, तटीय कर्नाटक और गोवा में भी इस दौरान व्यापक वर्षा हो सकती है।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
देश की राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 14 जून की रात से ही शुरू हुई आंधी और धूलभरी हवाओं के बाद, 15 और 16 जून को भी दोपहर या शाम के वक्त गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान गिरकर 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, राहत का यह दौर लंबा नहीं चलेगा। 17 जून से एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में पारा चढ़ेगा और तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही गर्मी का प्रकोप दोबारा बढ़ जाएगा।
यूपी और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है। पूर्वांचल के जिलों जैसे गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, गोंडा, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इसके अतिरिक्त, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के झांसी, कानपुर, मैनपुरी, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और मथुरा जैसे इलाकों में भी स्थानीय स्तर पर बादल छाने और हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
पड़ोसी राज्य बिहार की बात करें तो वहां भी मौसम मेहरबान रहने वाला है। राज्य के पश्चिमी चंपारण, सारण, सिवान, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।


