1 माह के नवजात को नहीं आई खरोंच तक, अनियंत्रित होकर पलटी इनोवा कार
सरायकेला: हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के छोटानागपुर कॉलेज के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर मंगलवार को खेत में पलट गई, जिससे कार में सवार कई लोग घायल हो गए।
Advertisement

घटना के बाद सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से राजनगर सीएचसी लाया गया। जहां घायलों का इलाज किया गया। घटना मंगलवार की शाम करीब तीन बजे की है। दुर्घटना में कार दो बार पलट गई। मगर कार में सवार एक माह का नवजात को खरोंच तक नहीं आई। नवजात को उसकी मां अपने बांहों में जकड़कर रखी थी, जिससे उसे कुछ नहीं हुआ। वहीं तीन साल की एक बच्ची को भी कुछ नहीं हुआ।

वहीं घायलों में आठ वर्षीय बच्ची समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिसमें जयंती गोदसोरा (8), जमुना गोदसोरा(30) मंगल तियु,(38), विक्टर कलुंडिया(35), सावित्री कलुंडिया(34) पूजा सोय(18), मनीषा सिदू(20) संजय सिदू(39) शामिल हैं। चालक संजय सिदू ने बताया कि वे लोग आदित्यपुर के कुलुपटंगा से राजनगर के पोटका गांव रिश्तेदार के यहां आ रहे थे। छोटानागपुर कॉलेज के समीप अचानक साइकिल सवार सामने आ गया। जिसके बचाने को लेकर अनियंत्रित होकर कार दो पलटी मारते हुए खेत में घुस गई। बाद में स्थानीय लोगों ने पहुंच कर कार को सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस राजनगर सीएचसी पहुंचाया गया। वहीं डॉक्टर एसएम देमता ने कहा कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। बच्ची को ज्यादा चोट आई है। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है।
