Categories

August 18, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

19 किलो LPG सिलेंडर हुआ ₹183.50 सस्ता, जानिए आपके शहर का क्या है नया रेट

1 जुलाई से व्यावसायिक (Commercial) गैस सिलेंडर की कीमतों में गिरावट आने से व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। आइए जानते हैं कि आज से लागू हुईं नई दरें क्या हैं और घरेलू रसोई गैस पर इसका क्या प्रभाव पड़ा है।

जुलाई महीने की शुरुआत होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के लिए एक बेहद अच्छी खबर के साथ हुई है। तेल विपणन कंपनियों (Oil Marketing Companies) ने 1 जुलाई से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹183.50 तक की बड़ी कटौती की घोषणा की है। इस कटौती के बाद देश की राजधानी दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर ₹3,113.50 के बजाय ₹2,930 में मिलेगा। हालांकि, घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के डोमेस्टिक एलपीजी सिलेंडर के दामों में इस बार कोई फेरबदल नहीं किया गया है।

मिडल ईस्ट (पश्चिम एशिया) के देशों में तनाव कम होने और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई नरमी की वजह से यह राहत दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से ढाबों, कैटरर्स और खाने-पीने का बिजनेस करने वालों की लागत कम होगी, जिसका अप्रत्यक्ष लाभ आने वाले दिनों में आम ग्राहकों को भी मिल सकता है।

कहां कितना हुआ नया रेट?

देश के अलग-अलग महानगरों और प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई दरें इस प्रकार लागू हो गई हैं:

शहरपहले की कीमतनई कीमत (1 जुलाई से)
रांची₹3,314.50₹3,131
पटना₹3,410.50₹3,227
लखनऊ₹3,236₹3,052.50
कोलकाता₹3,255.50₹3,081.50
चेन्नई₹3,289.50₹3,106
नई दिल्ली₹3,113.50₹2,930
मुंबई₹3,069₹2,885.50

कीमतें पहले इतनी क्यों बढ़ी थीं?

ईरान और इजरायल के बीच बढ़े भू-राजनीतिक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें काफी उछल गई थीं, जिसका सीधा असर भारतीय एलपीजी की दरों पर पड़ा। यही वजह थी कि जनवरी महीने से ही 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे थे। पिछले साल 1 दिसंबर को दिल्ली में इसकी कीमत महज ₹1,580.50 थी, जिसके बाद जनवरी, फरवरी और मार्च में इसमें बार-बाहर तेजी आई। अप्रैल तक यह आंकड़ा ₹2,078.50 पर पहुंच गया और मई में ₹993 की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ यह ₹3,071.50 का हो गया था। जून में भी इसमें ₹42 की मामूली वृद्धि दर्ज की गई थी।

घरेलू गैस सिलेंडर पर क्या असर पड़ा?

अगर बात करें घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की, तो घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आम जनता को इस बार दाम घटने का फायदा नहीं मिल सका है।

वर्तमान में प्रमुख शहरों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं:

  • दिल्ली: ₹942
  • मुंबई: ₹941.50
  • कोलकाता: ₹968
  • चेन्नई: ₹957.50

गौरतलब है कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में आखिरी बार बदलाव बीते 7 जून को देखा गया था। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों को सरकार की तरफ से मिलने वाली सब्सिडी पहले की तरह ही जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *