Categories

September 17, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

करणी सेना अध्यक्ष की हत्या के विरोध में राजस्थान बंद,भीलवाड़ा में ट्रेन रोकी, जयपुर में अजमेर-दिल्ली हाईवे जाम, जोधपुर स्टेशन पर हंगामा

*करणी सेना अध्यक्ष की हत्या के विरोध में राजस्थान बंद,भीलवाड़ा में ट्रेन रोकी, जयपुर में अजमेर-दिल्ली हाईवे जाम, जोधपुर स्टेशन पर हंगामा

*गोगामेड़ी हत्याकांड की ATS करेगी जांच,कई राज्यों में हत्यारों की तलाश

जयपुर :-राजस्थान के जयपुर में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड के बाद से राजस्थान के राजपूत समाज में आक्रोश है. हत्या के विरोध में आज कई जगह पर बंद भी रखा गया है. करणी सेना के कार्यकर्ता हत्याकांड के विरोध में राजधानी जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, धौलपुर समेत कई शहरों में सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया. मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं ने भी गुस्सा जाहिर किया है.

*शादी का कार्ड देने के बहाने घर में घुसकर हत्या

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात को गैंगस्टर रोहित गोदारा से जुड़े हमलावरों ने अंजाम दिया. शूटरों की पहचान रोहित राठौर और नितिन फौजी के रूप में हुई है. रोहित नागौर के मकराना का रहने वाला है, वहीं नितिन हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला है. फिलहाल दोनों फरार हैं. दोनों की राजस्थान, हरियाणा, एमपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में तलाश चल रही है.

*कांग्रेस नेता ने की एनकाउंटर की मांग

राजस्थान के कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्या को गंभीर मामला बताया. उन्होंने कहा, हत्यारों को एनकाउंटर में मार देना चाहिए. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. पूर्व विधायक राजेंद्र गुड़ा ने भी सुखदेव की हत्या पर दुख जताया. उन्होंने कहा, इस मामले की जांच हाईकोर्ट जज की निगरानी में होना चाहिए. उन्होंने गोगामेड़ी को सुरक्षा उपलब्ध न कराने जाने को लेकर गहलोत सरकार पर भी निशाना साधा.

*बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा बोले…

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्या कन्हैयालाल हत्याकांड जैसा ही आतंकवाद है.आरोपियों पर जल्द सख्त कार्रवाई कर फांसी की सज़ा दी जाए.कांग्रेस सरकार के काल में पुलिस ने पहले भी ढिलाई बरती है, पर अब ऐसा नहीं चलेगा.कांग्रेस सरकार की कमजोर कानून और सुरक्षा व्यवस्था के चलते यह भयावह घटनाक्रम हुआ है.

*गिरफ्तारी नहीं एनकाउंटर हो

करणी सेना के कार्यकर्ता और नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के हत्यारों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं. उधर, क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने हत्यारों के एनकाउंटर की मांग की. शेखावत ने कहा, सुखदेव सिंह की धोखे से हत्या की गई. यह क्षत्रिय समाज की हत्या है. क्षत्रिय समाज का दायित्व है कि इन हत्यारों को जवाब दिया जाए. हत्यारों और सूत्रधारों की गिरफ्तारी नहीं, एंकाउंटर होना चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *