सरायकेला प्रखंड कार्यालय के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवती घायल
सरायकेला प्रखंड कार्यालय के समीप मंगलवार सुबह 11:30 बजे एक तेज रफ्तार कार संख्या जेएच 11यु –6247, ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवती पूर्णिमा मुखी 25 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए और उसका पैर टुट गया। घटना की जानकारी देते हुए लोगों ने बताया कि हादसे के समय कार पर डॉक्टर का लोगो लगा हुआ था और उसमें सवार महिला खुद को सदर अस्पताल का चिकित्सक बता रही थी।

स्थानीय लोगों ने कार सवार महिला से घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाने का दबाव बनाया। महिला ने युवती को कार में बिठाकर अस्पताल की ओर रवाना किया लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने मीटिंग का हवाला देते हुए घायल को बीच रास्ते में उतार दिया और वहां से कार लेकर चली गई। घायल युवती के परिजनों ने रोड एंबुलेंस बुलाकर उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद युवती को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक़ धायल पूर्णिमा मुखी मानिक बाजार गांव को रहने वाली है और सरायकेला बाजार के ब्यूटी पार्लर में काम करती है। वह अपने भाई के साथ बाइक से पार्लर जा रही थी जैसे ही उनकी बाइक ब्लॉक मोड के पास मुख्य सड़क पर पहुंची जमशेदपुर के ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया और कार सवार महिला को गैर जिम्मेदाराना हरकत की निंदा की, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
