Categories

September 16, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

जमशेदपुर : दुईलाडुंगरी फायरिंग मामले में तीन शूटरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार; हथियार, मोबाइल और दो बाइक बरामद

जमशेदपुर : गोलमुरी थाना पुलिस ने रवि खेड़ा गिरोह के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। इन शूटरों ने शुक्रवार रात स्कूटी से घर लौट रहे लोचन कुमार पर दुईलाडुंगरी इलाके में फायरिंग की थी। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा, स्टील का चापड़, मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात को लोचन कुमार साकची से अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी दुईलाडुंगरी सीपी कबीर क्लब के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक किया। इसी दौरान धीरेन तंतुबाई उर्फ मोची उर्फ दादा ने पिस्टल तानकर लोचन पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीनों आरोपितों को दुईलाडुंगरी से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान हरप्रीत सिंह गिल उर्फ राहुल गिल उर्फ गेड्डा (24), धीरेन तंतुबाई उर्फ मोची उर्फ दादा (28) और प्रेम कुमार उर्फ आयुष साहू (21) के रूप में हुई है। तीनों आरोपित रवि खेड़ा गिरोह से जुड़े हुए हैं। पूछताछ में धीरेन तंतुबाई ने गोली चलाने की बात स्वीकार कर ली है। वहीं अन्य दोनों ने भी घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की है।

सिटी एसपी शिवाशिष ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा, स्टील का चाकू, मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गोलमुरी थानेदार राजन कुमार के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और रवि खेड़ा गिरोह के अन्य सक्रिय अपराधियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *