पीएनबी आरसेटी सरायकेला में पूर्व प्रशिक्षार्थी मिलन समारोह आयोजित
सरायकेला, 15 अक्टूबर 2026.
गुरुवार (भाग्य सागर)

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (PNB RSETI), सरायकेला में आज पूर्व
प्रशिक्षार्थी मिलन
समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले पूर्व प्रशिक्षार्थियों के अनुभवों को साझा करना तथा वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में डीडीएम नाबार्ड चंदना सुमन, एलडीएम, वरुण कुमार चौधरी, डीपीएम पंकज कुमार, डीएम स्किल मदन नायडू तथा पीएनबी सरायकेला शाखा प्रबंधक अमन मासी केरकेट्टा बतौर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रशिक्षुओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात संस्थान से पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पीएनबी आरसेटी से प्राप्त प्रशिक्षण ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सफलता की कहानियों ने उपस्थित प्रशिक्षुओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और स्वरोजगार अपनाने की प्रेरणा दी।
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा संस्थान के सफल पूर्व प्रशिक्षार्थियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं उनके प्रयासों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अपने व्यवसाय का विस्तार करने, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
-अतिथियों का संबोधन..
चंदना सुमन, डीडीएम, नाबार्ड ने स्वरोजगार एवं उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं को उपलब्ध संसाधनों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
वरुण कुमार चौधरी, एलडीएम ने बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय साक्षरता एवं ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सफल उद्यमी बनने के लिए मेहनत के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन और समय पर बैंकिंग दायित्वों का निर्वहन भी आवश्यक है।
पंकज कुमार, डीपीएम ने प्रशिक्षुओं को समूह में कार्य करने, आपसी सहयोग बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों की पहचान कर स्वरोजगार को आजीविका का मजबूत साधन बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
मदन नायडू, डीएम स्किल ने कौशल विकास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का व्यावहारिक उपयोग करना और निरंतर नई तकनीक सीखते रहना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने का संदेश दिया।
अमन मासी केरकेट्टा, शाखा प्रबंधक, पीएनबी सरायकेला ने बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय सहायता की भूमिका पर चर्चा करते हुए प्रशिक्षुओं को बचत की आदत विकसित करने, व्यवसाय के लिए उचित योजना बनाने और बैंक की विभिन्न सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक उमा शंकर तांती ने सभी अतिथियों, पूर्व प्रशिक्षार्थियों एवं वर्तमान प्रशिक्षुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएनबी आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के फैकल्टी शैलेन्द्र गोप ने किया। इस अवसर पर फैकल्टी गोविंद कुमार, गेस्ट फैकल्टी मंजू कुमारी, ऑफिस असिस्टेंट दिलीप आचार्य, इंद्रजीत कैबर्त तथा अटेंडर द्रौपदी महतो उपस्थित रहीं।

