डी.सी. एवं एस.पी. द्वारा आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के पूजा पंडालों तथा मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का लिया गया जायजा
सरायकेला,15अक्टूबर 2026,
गुरुवार (भाग्य सागर)

दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला, अभिनव प्रकाश, नगर आयुक्त आजाद अनवर एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में खड़कई पुल से इमली चौक तक पैदल गश्ती की गई। इस दौरान छोटा पुल के समीप पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। मार्ग के बाईं ओर स्थित विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण करते हुए इमली चौक तक की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
संबंधित पदाधिकारियों को पूजा के दौरान आम जनों की सुविधा, सुगम आवागमन एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया।


