Categories

November 28, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी कारीगरों को ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं डिजिटल तकनीक के उपयोग की दी गई जानकारी

सरायकेला-खरसावां, 27 नवंबर 2026,
शुक्रवार (भाग्य सागर)

भारत सरकार की पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं बाजार उपलब्धता के प्रति जागरूक करने हेतु आज IDTR, जमशेदपुर (आदित्यपुर), जिला सरायकेला-खरसावाँ में MSME-विकास कार्यालय, रांची द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ MSME-विकास कार्यालय, रांची के सहायक निदेशक गौरव द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि बी.के. दुबे, क्षेत्रीय निदेशक, RDSDE एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।


कार्यक्रम में सहायक निदेशक गौरव ने कारीगरों को उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग एवं प्रभावी मार्केटिंग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उचित विपणन रणनीति के माध्यम से कारीगर अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाकर आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही भारत सरकार की विभिन्न MSME योजनाओं की जानकारी भी दी।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रबंधक मनीष सुंडी ने बैंकिंग योजनाओं एवं डिजिटल भुगतान सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, बैंक ऑफ इंडिया के कृष्ण कुमार ने ऋण संबंधी प्रक्रियाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं से जुड़े प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के सूरज कुमार भी उपस्थित रहे।

डॉ. प्रीति किरण ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं ChatGPT के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से कारीगर अपने उत्पादों की डिजाइनिंग, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग को बेहतर बना सकते हैं।

IDTR जमशेदपुर के महाप्रबंधक रविन्द्र कुमार ने पीएम विश्वकर्मा योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी देते हुए कारीगरों को योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े GeM के बिजनेस फैसिलिटेटर सुबोध कांत ने सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया, सरकारी खरीद में उपलब्ध अवसरों तथा पोर्टल के माध्यम से उत्पादों के विपणन की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि बी.के. दुबे, क्षेत्रीय निदेशक, RDSDE ने कारीगरों को अपने पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।
गम्हरिया के शाखा डाकपाल संतोष गोराई द्वारा मौके पर ही कारीगरों के लिए 15 QR कोड जनरेट किए गए, जिससे उन्हें डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध हो सके। जिला उद्यम समन्वयक, सरायकेला-खरसावाँ एडलीन भुटकुंवर ने झारखंड सरकार की विभिन्न MSME योजनाओं एवं उद्यमियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में IDTR जमशेदपुर के प्रबंधक (M&C) अंजन कुंडू, बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड उद्यम समन्वयकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *