जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR-2026 को लेकर बैठक आयोजित
सरायकेला-खरसावां, 02 नवंबर 2026,
सोमवार (भाग्य सागर)

समाहरणालय सभागार में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत अब तक किए गए कार्यों एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। इस क्रम में नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु प्राप्त प्रपत्र-6 के आवेदनों तथा विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त मामलों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।

बैठक में बताया गया कि जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक 34,207 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। विधानसभावार 50-ईचागढ़ 11,082, 51-सरायकेला 14,499 एवं 57- खरसावाँ विधानसभा क्षेत्र से 8,626 आवेदन हैं।
SIR-2026 के तहत जिले में तार्किक विसंगति, नो मैपिंग एवं अन्य श्रेणियों में प्राप्त मामलों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति से भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार
तार्किक विसंगति श्रेणी के 1,53,107 मामलों में से 85,165 मामलों का निष्पादन किया गया है, जो 55.62 प्रतिशत है।
नो मैपिंग श्रेणी के कुल 71,401 मामलों में से 32,472 मामलों का निष्पादन किया गया है, जो 45.48 प्रतिशत है।
अन्य श्रेणी के कुल 5,61,358 मामलों में से 5,25,013 मामलों का निष्पादन किया गया है, जो 93.53 प्रतिशत है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है। इस दिशा में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे संबंधित BLO के साथ अपने BLA-2 का बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित कराएं। साथ ही मतदाता सूची का समुचित अवलोकन करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि 04 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक तथा पांचवीं चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी। इस दौरान नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने वाले मतदाताओं की सूची संबंधित BLO द्वारा उपस्थित BLA-2, सदस्यों एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। साथ ही संबंधित मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि मामलों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उक्त बैठक एवं चुनाव पाठशाला में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने BLA-2 के माध्यम से संबंधित BLO के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया से संबंधित शिकायतें, आपत्तियां एवं सुझाव भी आमंत्रित किए गए। इस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रावधानों के आलोक में आवश्यक जांच एवं कार्रवाई करते हुए उनका नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि दिनांक 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु प्रपत्र-6 भरवाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाए। पात्र नागरिक BLO के माध्यम से अथवा ECINET App एवं Voter Service Portal के जरिए दिनांक 18 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
