Categories

November 14, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर प्रतिदिन संध्या 05:00 बजे से रात्रि 08:30 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध,सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात के मद्देनजर लिया गया निर्णय

सरायकेला-खरसावां, 13 नवंबर 2026,
शुक्रवार (भाग्य सागर)

ऑटो क्लस्टर, आदित्यपुर के सभागार में आज अपराह्न 12:30 बजे नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम एवं जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ की संयुक्त अध्यक्षता में आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर संध्या के समय भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में ASIA के अध्यक्ष एवं संगठन के अन्य प्रतिनिधि, पुलिस निरीक्षक (यातायात), सरायकेला-खरसावाँ, थाना प्रभारी, गम्हरिया एवं थाना प्रभारी, आरआईटी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में आदित्यपुर -कांड्रा मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव, सड़क जाम की समस्या एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों एवं व्यस्त स्थानों पर संध्या के समय आमजनों की आवाजाही अधिक रहने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पर चर्चा की गई।
आमजनों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिदिन संध्या 05:00 बजे से रात्रि 08:30 बजे तक आदित्यपुर खरकाई पुल से कांड्रा तक आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर भारी वाहनों (ट्रकों) के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

निर्धारित अवधि में भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने हेतु तीन स्थानों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू की जाएगी
1.ऑटो क्लस्टर टोल के समीप – आदित्यपुर थाना क्षेत्र।2. पिंड्राबेड़ा – गम्हरिया थाना क्षेत्र एवं 3. कांड्रा टोल – कांड्रा थाना क्षेत्र।

संबंधित थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्धारित समयावधि में नो-एंट्री व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की गयी कि निर्धारित यातायात प्रतिबंधों का अनुपालन करें तथा सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *