Categories

November 14, 2026

INDIA FIRST NEWS

Satya ke saath !! sadev !!

पवित्र कार्तिक माह में श्रीमद्भागवत कथा से पांच दिनों तक भक्तिरस में सराबोर रहेगा सरायकेला नगर क्षेत्र

सरायकेला,10 नवंबर 2026, मंगलवार (भाग्य सागर)

सरायकेला के श्री रानी सती मंदिर प्रांगण में संजय सेक्सरिया की अध्यक्षता एवं मंदिर के सचिव सह नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की उपस्थिति में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्तिक माह के पावन अवसर पर पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत (आध्यात्मिक) चर्चा का भव्य आयोजन करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।


राजस्थान से पधार रहे सुप्रसिद्ध कथावाचक विकास चंद्र शास्त्री जी (विकास महाराज) के श्रीमुख से पांच दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा प्रतिदिन संध्या 5:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होगी। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, प्रेम, धर्म और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। प्रतिदिन कथा के उपरांत सभी भक्तों एवं श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

पांच दिवसीय आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए बैठक में अलग-अलग सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रत्येक दिन के लिए यजमान भी निर्धारित किए गए। प्रथम दिवस के यजमान संजय सेक्सरिया, द्वितीय दिवस के राजकुमार अग्रवाल, तृतीय दिवस के अरुण सेक्सरिया, चतुर्थ दिवस के जनक गोयल तथा पांचवें एवं अंतिम दिवस के यजमान नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी होंगे।

भोजन प्रसाद की तैयारी एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी अरुण सेक्सरिया एवं राजकुमार अग्रवाल को सौंपी गई। व्यासपीठ की सजावट, विकास महाराज के आगमन एवं भजन-कीर्तन सहित संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी को दी गई। साज-सज्जा, पंडाल एवं श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जिम्मेदारी जनक गोयल एवं संजय सेक्सरिया को सौंपी गई।

बैठक में आगामी श्री दादी जी के मंगसिर नवमी महोत्सव को भी श्रद्धा, भक्ति एवं पारंपरिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। महोत्सव के अंतर्गत मंगल पाठ का विशेष आयोजन किया जाएगा। मंगल पाठ हेतु गायिका को आमंत्रित करने तथा कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नरेश अग्रवाल एवं रवि अग्रवाल को सौंपी गई।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, संजय सेक्सरिया, अरुण सेक्सरिया, राजकुमार अग्रवाल, जनक गोयल, नरेश अग्रवाल, रवि अग्रवाल एवं सोहन सेक्सरिया उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *