सरायकेला में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान का आयोजन
सरायकेला-खरसावां, 27 नवंबर 2026,
शुक्रवार (भाग्य सागर)
जिला कृषि कार्यालय परिसर, सरायकेला में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, विधायक प्रतिनिधि सरायकेला गुरु प्रसाद महतो, विधायक प्रतिनिधि खरसावां मांगीलाल महतो एवं उप प्रमुख सरायकेला बासुदेव महतो द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने किसानों को उन्नत एवं आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने अधिक उत्पादन देने वाली फसलों एवं उन्नत किस्म की सब्जियों की खेती पर जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादकता एवं आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से जिले में उन्नत खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि के क्षेत्र में जिले की विशिष्ट पहचान स्थापित करने की दिशा में प्रयास करने की अपील की।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किसानों से कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे उन्नत किस्म के बीज एवं अन्य कृषि उपादानों का लाभ उठाने का आग्रह किया।

कृषि विज्ञान केंद्र, सरायकेला-खरसावां के वरीय वैज्ञानिक डॉ. पंकज सेठ ने फसलों की वैज्ञानिक तकनीक से खेती, फसलों में लगने वाले रोगों की पहचान एवं उनके उपचार से संबंधित तकनीकी जानकारी दी।
जिला कृषि पदाधिकारी अमित सुमन बेक ने कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्नत किस्म के हाइब्रिड एवं प्रमाणित बीजों के वितरण के संबंध में बताया। भूमि संरक्षण पदाधिकारी रियाज अंसारी ने भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं तथा SMAM योजना के तहत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे कृषि यंत्रों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान किसान समृद्धि योजना के तहत जिले के 6 किसानों के बीच 2 HP ट्रॉली युक्त सोलर पंप का वितरण एवं 15 किसानों को बीज वितरित किए गए। भूमि संरक्षण विभाग की ओर से एक महिला समूह को ट्रैक्टर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आत्मा, सरायकेला के उप परियोजना निदेशक विजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान मित्र सहित लगभग 500 किसानों ने भाग लिया।

